नोएडाः अवैध रूप से रह रहे 5 और चीनी नागिरकों को किया गया गिरफ्तार, दो महीने के भीतर 25 पकड़े जा चुके
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: July 28, 2022 07:06 AM2022-07-28T07:06:25+5:302022-07-28T07:14:53+5:30
पुलिस की जांच में पाया गया है कि ये चीनी नागरिक वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी यहां अवैध रूप से रुके हुए थे, सभी को दिल्ली में ‘डिटेंशन सेंटर’ भेजा गया है।
नोएडाः उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की पुलिस ने वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से देश में रह रहे पांच चीनी नागरिकों को बुधवार को पकड़ा। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को अभियान चलाकर पांच चीनी नागरिकों को पकड़ा।
पुलिस की जांच में पाया गया है कि ये चीनी नागरिक वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी यहां अवैध रूप से रुके हुए थे, सभी को दिल्ली में ‘डिटेंशन सेंटर’ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि चीनी नागरिकों की पहचान वांग होंग हुयांग, यूआन हिवू, जे मेनजिओंग, जियांग हूनयोंग, हू यलीन के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सभी मोबाइल बनाने वाली एक कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्य कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में रहने वाले आरोपियों के पास पासपोर्ट हैं, लेकिन उनका वीजा समाप्त हो गया है। दो महीने के भीतर 25 से अधिक चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जो दिल्ली के पास नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रहे थे।
पांचों आरोपी ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ची 4 में एक सोसाइटी में किराए पर दो अपार्टमेंट में रहते थे और उन्हें वहीं से पकड़ा गया। उनका बिजनेस वीजा 2020 में जारी किया गया था लेकिन इस साल जनवरी में समाप्त हो गया। अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने पिछले साल वीजा विस्तार के लिए आवेदन किया था, लेकिन इसके लिए उन्हें अनुमति नहीं दी गई थी।