गर्लफ्रेंड के भाई की हत्या के आरोप में चर्चित यू-ट्यूबर गिरफ्तार, नोएडा में हुआ था मर्डर, जानें पूरा मामला
By विनीत कुमार | Published: November 5, 2020 08:11 AM2020-11-05T08:11:26+5:302020-11-05T08:14:43+5:30
देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक हत्या के मामले में पुलिस ने यू-ट्यूबर और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इनसे हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने सोशल मीडिया पर बेहद चर्चित एक यू-ट्यूबर निजामुल खान को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साथ ही निजामुल की मदद करने के आरोप में भी दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपों के अनुसार 24 साल के निजामुल ने दो लोगों के साथ मिलकर अपनी गर्लफ्रेंड के भाई की हत्या की है। निजामुल के यूट्यूब पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
दरअसल बीते बुधवार (28 अक्टूबर) की देर रात नोएडा के सेक्टर-32 में कमल शर्मा नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। कमल नोएडा में इस्कॉन मंदिर के पास मिला था। उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
शुरुआत में ये सड़क दुर्घटना का मामला लग रहा था। हालांकि फिर पोस्टमार्टम में कमल की पीठ में बुलेट इंजरी मिली, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय कमल शर्मा अपनी बहन और निजामुल के रिश्ते के खिलाफ था। लड़की के भाई ने कथित तौर पर निजामुल की पिटाई की थी और उसका मोबाइल भी छीन लिया था।
पुलिस के अनुसार निजामुल ने कमल की हत्या में अपने दो दोस्तों अमित और सुमित की मदद ली थी। अमित नोएडा के सेक्टर 20 में रहता है जबकि सुमित दिल्ली के उस्मानपुर एरिया में रहता है। पुलिस ने बताया है कि निजामुल करीब दो साल पहले कमल की बहन से मिला था। कमल इस रिश्ते से खुश नहीं था।
निजामुल पिछले कुछ दिनों से कमल के हाथों हुई पिटाई का बदला लेने की फिराक में था। कमल 28 अक्टूबर की शाम जब 7 बजे अपने ऑफिस से घर के लिए निकला तो निजामुल और उसके दोस्तों ने बाइक से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, 'जैसे ही कमल इस्कॉन मंदिर के करीब पहुंचा, निजामुल ने पीछे से गोली चला दी।'
पुलिस अब इस मामले में ये भी जांच कर रही है कि क्या कमल की बहन भी इस योजना में शामिल थी।
इस मामले में कमल के चाचा ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने सोमवार दोपहर को निजामुल खान, सुमित शर्मा और अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है।