आत्महत्या के प्रयास में मां और बेटे की मौत, बेटी की हालत गंभीर
By भाषा | Published: March 5, 2021 05:35 PM2021-03-05T17:35:11+5:302021-03-05T17:35:11+5:30
आणंद (गुजरात) पांच मार्च गुजरात के आणंद जिले में एक मां ने अपने बच्चों के साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसमें महिला और उसके 12 साल के बेटे की मौत हो गयी जबकि नाबालिग बेटी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक बी डी जडेजा ने बताया कि टीना प्रकाश शाह (38) ने अपने बेटे मीत और बेटी (15) को बृहस्पतिवार को कथित तौर पर जहर दे दिया और उसके बाद खुद भी जहर पी लिया।
उन्होंने कहा कि तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान महिला और लड़के की मौत हो गयी। लड़की बच गयी और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि संभव है कि महिला ने आर्थिक परेशानियों के कारण ऐसा कदम उठाया। वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए मामले में जांच चल रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।