विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन संयुक्त अरब अमीरात की करेंगे यात्रा
By भाषा | Published: January 18, 2021 10:48 PM2021-01-18T22:48:26+5:302021-01-18T22:48:26+5:30
नयी दिल्ली, 18 जनवरी विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन मंगलवार से संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर जाएंगे। इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान वह संबंधित देश के नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे, जिसमें भारतीय श्रमिकों के कल्याण का विषय विशेष तौर पर शामिल रहेगा।
पिछले साल नवंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा की थी। उनकी इस यात्रा के बाद मुरलीधरन की यह यात्रा हो रही है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि विदेश राज्यमंत्री और संसदीय मामले के राज्यमंत्री 19-21 जनवरी के बीच संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा पर होंगे।
मंत्रालय ने बताया कि इस यात्रा के दौरान वह संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि मंडल और भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।