CAA प्रदर्शन: पुलिस गोलीबारी में मारे गए दो लोगों को प्राथमिकी में बताया आरोपी
By भाषा | Updated: December 22, 2019 16:13 IST2019-12-22T16:13:53+5:302019-12-22T16:13:53+5:30
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के शनिवार को शहर का दौरा करने और दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त सिंधु बी. रूपेश को पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा प्रदान करने का निर्देश दिए जाने के बाद यह बात सामने आई है।

प्रतीकात्मक फोटो
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के गत गुरुवार को हिंसक होने के बाद पुलिस की गोलीबारी में मारे गए दो लोगों को मंगलुरु सिटी पुलिस ने प्राथमिकी में आरोपी बताया है। बुंदेर इलाके में सीएए के खिलाफ 19 दिसंबर को प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली लगने से जलील (49) और नौशीन (23) की जान चली गई थी। प्राथमिकी के अनुसार जलील और नौशीन मुस्लिम संगठनों द्वारा सीएए के खिलाफ आयोजित हिंसक प्रदर्शन का हिस्सा थे।
प्राथमिकी में जलील को आरोपी नंबर तीन और नौशीन को आरोपी नंबर आठ बताया गया है। कुल 77 लोगों का प्राथमिकी में जिक्र किया गया है, जो प्रदर्शन में शामिल थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के शनिवार को शहर का दौरा करने और दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त सिंधु बी. रूपेश को पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा प्रदान करने का निर्देश दिए जाने के बाद यह बात सामने आई है।
कर्नाटक के मंत्री सी टी रवि का एक विवादित वीडियो भी शुक्रवार को सामने आया जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते हुए सुने गए कि यदि बहुसंख्यकों ने अपना संयम खोया तो गोधरा जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कांग्रेस ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे ‘‘भड़काऊ’’ करार दिया। कांग्रेस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करने और उन्हें हिरासत में लेने की मांग भी किया।