अभिनेत्री को परेशान करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
By भाषा | Published: November 30, 2021 03:05 PM2021-11-30T15:05:55+5:302021-11-30T15:05:55+5:30
कोलकाता, 30 नवंबर बंगाली अभिनेत्री अरुणिमा घोष को कथित रूप से परेशान करने और धमकी देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री घोष ने आरोपी के खिलाफ प्रताड़ना और धमकी देने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘यह शख्स पिछले दो साल से अभिनेत्री को परेशान कर रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। रविवार की रात आरोपी अभिनेत्री के घर गया था जिसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।’’ उन्होंने कहा कि यह तीसरी बार है जब व्यक्ति को उसी अपराध के लिए गिरफ्तार किया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।