महाराष्ट्र : ऑक्सीजन वाल्व बंद होने से दो कोविड-19 मरीजों की मौत
By भाषा | Updated: April 24, 2021 16:58 IST2021-04-24T16:58:07+5:302021-04-24T16:58:07+5:30

महाराष्ट्र : ऑक्सीजन वाल्व बंद होने से दो कोविड-19 मरीजों की मौत
बीड (महाराष्ट्र), 24 अप्रैल महाराष्ट्र में बीड जिले के सिविल अस्पताल में कथित तौर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाले वाल्व बंद कर देने से दो मरीजों की मौत हो गई।
मृतकों के परिजनों ने शनिवार को यह आरोप लगाते हुए बताया कि यह घटना शुक्रवार रात को अस्पताल के वार्ड संख्या सात में घटी।
हालांकि, अस्पताल के अधिकारियों का दावा है कि मृतकों में केवल एक ही मरीज ऑक्सीजन पर था जबकि परिवार का दावा है कि दोनों मरीज ऑक्सीजन पर थे।
बीड जिले के सिविल अस्पताल में अतिरिक्त सिविल सर्जन डॉ. सुखदेव राठौड़ ने बताया, ‘‘ अस्पताल की टीम ने देखा कि ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाले वाल्व बंद है...किसी ने उसे बंद कर दिया होगा।’’
उन्होंने बताया कि एक मरीज ऑक्सजीन पर था जबकि दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर थी।
डॉ. राठौड़ के मुताबिक एक मृतक मरीज का एचआरटीसी अंक 19 था जबकि दूसरे का 23।
हालांकि, मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों की मौत ऑक्सीजन की कमी से हुई। उनमें एक की उम्र 35 और दूसरे की 55 साल थी।
एक रिश्तेदार ने दावा किया, ‘‘ ऑक्सीजन की कमी की वजह से युवा मरीज जल बिन मछली की तरह तड़प रहा था, स्थिति बहुत भयावह है। घटना के समय वार्ड ब्वॉय कमरे में नहीं था।’’
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि इस बात की जांच करायी जाएगी कि ऑक्सीजन वाल्व किसने बंद किया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।