Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में खुल कर बात कीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समान नागरिक संहिता, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर कहा कि पीएम मोदी ने कहा कि हम अपने घोषणापत्र के वादों को पूरा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी जीवन यात्रा में अब तक हासिल मुकाम का श्रेय संविधान को दिया और कहा कि भले ही किसी को लगता हो कि वह स्वहित के लिए काम करते हैं, लेकिन संविधान के कल्याण में ही उनका खुद का कल्याण निहित है। मोदी ने साक्षात्कार में विपक्ष के इस दावे को खारिज कर दिया कि उनका इरादा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट जीतने पर संविधान बदलने का और आरक्षण समाप्त करने का है।
संविधान और उसके निर्माता भी धर्म के आधार पर आरक्षण कभी नहीं चाहते थे
उन्होंने कहा कि भाजपा ही है, जिसने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) पृष्ठभूमि से सबसे अधिक संख्या में मंत्री दिए हैं। मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर मोदी ने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण के विषय को आरक्षण के व्यापक मुद्दे से जोड़ना गलत है। उन्होंने कहा कि संविधान और उसके निर्माता भी धर्म के आधार पर आरक्षण कभी नहीं चाहते थे।
इशारा गांधी परिवार की ओर था
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने ही कई राज्यों में आरक्षण को कमजोर किया, धर्म के आधार पर आरक्षण दिया और संविधान का अपमान किया। वे देशभर में भी ऐसा करना चाहते हैं। मैंने यह बात बिल्कुल साफ कर दी है कि मैं ऐसा कभी नहीं होने दूंगा।’’ कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में किसी सरकार द्वारा संविधान को दरकिनार करने और ‘एक विशेष परिवार की सनक पर’ लोकतंत्र को निलंबित करने की एकमात्र घटना के पीछे यही पार्टी है। उनका इशारा गांधी परिवार की ओर था।
मोदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अब, जब इस परिवार की सबसे नई पीढ़ी अपने पूर्वजों की विरासत का उपयोग करना चाहती है तो उन्हें पता चलता है कि इतिहास में ऐसे कई काले धब्बे हैं। उन्हें लगता है कि इन काले दागों को मिटाने का सबसे अच्छा तरीका बाकी सभी पर अलोकतांत्रिक होने का आरोप लगाना है।’’
संविधान के कल्याण में ही मेरा अपना कल्याण भी निहित
प्रधानमंत्री ने संविधान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसके बिना उनकी जैसी सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति यहां तक नहीं पहुंच सकता था। मोदी ने कहा, ‘‘बाबासाहेब के संविधान ने मोदी को बनाया है और इसी से उन्हें अधिकार मिलते हैं। इसलिए, भले ही आप सोच लें कि मैं स्वहित के लिए काम करता हूं, लेकिन संविधान के कल्याण में ही मेरा अपना कल्याण भी निहित है।’’
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ही है जिसने इन सामाजिक पृष्ठभूमि वाले सर्वाधिक सांसद दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘किस पार्टी ने देश को दलित और आदिवासी राष्ट्रपति दिए? भाजपा ने।
एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के खिलाफ कुछ भी करेंगे
यह दावा करना हास्यास्पद और बेतुका है कि हम एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के खिलाफ कुछ भी करेंगे।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और चार जून को जब चुनाव परिणाम आएंगे तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार रात ‘पीटीआई-वीडियो’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘पूरे देश के लिए हमारी रणनीति एक समान है। फिर एक बार मोदी सरकार और चार जून को 400 पार।’’ उन्होंने कहा कि उनके विरोधियों ने एक मिथक पैदा किया है कि भाजपा दक्षिणी राज्यों में कोई ताकत नहीं है या वहां उसकी मौजूदगी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘2019 के चुनाव को देखिए।
निवर्तमान सदन में कर्नाटक से भाजपा के 29 सदस्य
तब भी दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ही थी। एक बार फिर, मैं यह कहता हूं : इस बार दक्षिण में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा होगी तथा उसके सहयोगियों को और अधिक सीटें मिलेंगी।’’ ‘पीटीआई’ द्वारा भेजे गए प्रश्नों के एक अलग लिखित जवाब में मोदी ने कहा, ‘‘हम दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेंगे और बल्कि पिछली बार से भी अधिक अंतर से जीतेंगे।’’
उन्होंने बताया, ‘‘हमने पहले ही लोगों की सोच में बदलाव देखा है। हम दक्षिण क्षेत्र में अपनी सीटों की संख्या और मत प्रतिशत में भी बड़ी वृद्धि देखेंगे।’’ लोकसभा की 543 लोकसभा सीटों में से दक्षिण भारत में 131 सीटें हैं। निवर्तमान सदन में कर्नाटक से भाजपा के 29 सदस्य हैं। इसके अलावा उसे एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन भी प्राप्त है।
लोगों का आशीर्वाद हमें एक रिकॉर्ड तोड़ जनादेश तक लेकर जाएगा
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखित जवाब में कहा कि बल्कि पूर्वी भारत में भी, ‘‘हम लोगों से भारी समर्थन मिलता देख रहे हैं...जिससे भुवनेश्वर, कोलकाता और बल्कि दिल्ली में भी मीडिया और राजनीति के कुछ वर्गों में लोगों की रात की नींद उड़ गयी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोगों का आशीर्वाद हमें एक रिकॉर्ड तोड़ जनादेश तक लेकर जाएगा।
हमें देश के सभी हिस्सों खासकर दक्षिण तथा पूर्वी भारत से और अधिक सीटें मिलेंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राजग 400 सीटों का आंकड़ा हासिल करने की ओर अग्रसर है।’’ मोदी ने कहा कि चुनाव के पिछले चरणों के सभी आकलन दिखाते हैं कि राजग मजबूत स्थिति में है जबकि कांग्रेस के साथ ही उसका ‘इंडिया’ गठबंधन कुछ राज्यों में अपना खाता तक खोलने के लिए संघर्ष कर रहा है।
हमने 400 पार का लक्ष्य तय किया है
प्रधानमंत्री ने वीडियो साक्षात्कार में कहा कि ‘न केवल भौगोलिक उपस्थिति बल्कि विचारधारा के मामले में भी पहले दिन से’ ही भाजपा सही मायने में राष्ट्रीय पार्टी रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए, राष्ट्र प्रथम हमारी विचारधारा की नींव है। अगर हम पश्चिम बंगाल या केरल के लिए फैसले लेते हैं तो यह राष्ट्र प्रथम के आधार पर होगा।’’
लोकसभा चुनाव के परिणामों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हमने 400 पार का लक्ष्य तय किया है। चार चरणों के चुनाव के बाद, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारा आकलन सही है और हमारे आकलन से कहीं ज्यादा जनता जनार्दन का संकल्प दृढ़ है।’’ मोदी ने कहा कि दक्षिण भारत में भाजपा के कमजोर होने की धारणा उस अभियान का हिस्सा है जिसके तहत पार्टी को शहरी केंद्रित, पुरुष केंद्रित, उत्तर भारत केंद्रित और ‘बनिया-ब्राह्मण’ की पार्टी के रूप में चित्रित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक मिथक फैलाया गया है। हमारे देश में वर्षों से एक ऐसा तंत्र रहा है जो देश को गुमराह करने और बर्बाद करने के लिए सभी प्रकार के मिथक पैदा करता है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘यह भी कहा गया है कि हमारी पार्टी बनिया-ब्राह्मण की पार्टी है। लेकिन सबसे अधिक संख्या में दलित, ओबीसी और आदिवासी सांसद/विधायक भाजपा के हैं। वे जानबूझकर ऐसा करते हैं और ऐसा ही एक मिथक फैलाया गया है कि दक्षिण भारत में हमारी मौजूदगी नहीं है।’’