लोकसभा चुनाव के लिए 'आप' का घोषणा पत्र जारी, केजरीवाल बोले- मोदी और शाह के अलावा किसी को भी समर्थन देंगे
By आदित्य द्विवेदी | Published: April 25, 2019 12:37 PM2019-04-25T12:37:29+5:302019-04-25T12:37:29+5:30
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपना मैनिफेस्टो जारी कर दिया। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा और केंद्र से मोदी-शाह की जोड़ी को हटाने का संकल्प लिया।
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपना मैनिफेस्टो जारी कर दिया। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा और केंद्र से मोदी-शाह की जोड़ी को हटाने का संकल्प लिया। केजरीवाल ने कहा कि पूर्ण राज्य के मसले पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में हमें सात सीटें मिलीं तो हम दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। 1 मई के बाद आम आदमी पार्टी के सातों लोकसभा प्रत्याशी अपने अपने लोकसभा क्षेत्र का अलग-अलग संकल्प पत्र भी जारी करेंगे। जनता से वोट की अपील करते हुए गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में संपूर्ण विकास के लिए दिल्ली का पूर्ण राज्य होना बेहद जरूरी है।
Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal and Deputy Chief Minister Manish Sisodia release Aam Aadmi Party's Delhi manifesto #LokSabhaElections2019pic.twitter.com/G9sftox4yg
— ANI (@ANI) April 25, 2019
अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातेंः-
- 2019 में भारत को बचाने का चुनाव है। भारत की चार हजार साल पुरानी संस्कृति को बचाने का चुनाव है।
- भारतीय जनता पार्टी का एक लाइन का मैनिफेस्टो है। जैन, पारसी, ईसाई और मुसलमान को घुसपैठिया मानती है बीजेपी।
- भारतीय जनता पार्टी पाकिस्तान के एजेंडे को पूरा कर रही है। पाकिस्तान चाहता है कि देश जाति और धर्म के आधार पर लड़ता रहे।
- आम आदमी पार्टी का पहला एजेंडा है कि केंद्र में मोदी-शाह की जोड़ी को सरकार बनाने से रोकना है। जो कुछ करने की जरूरत पड़ेगी वो सब करेंगे।
- दिल्ली की 70 साल पुरानी पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग आम आदमी पार्टी पूरा करेगी।
- आज हमारी संस्कृति के ऊपर प्रहार हो रहा है, हमारी एकता पर प्रहार हो रहा है।
- पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने पर दिल्ली के बच्चों को शिक्षा का हक मिलेगा। दिल्ली पूर्ण राज्य बनेगी तो हमें किसी से परमिशन लेने की जरूरत नहीं पड़गी।
- दिल्ली के प्रत्येक परिवार के पास होगा अपना घर - कच्ची कॉलोनियों को रेगुलराइज्ड करेंगे - दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ियों पर बल प्रयोग और उन्हें दूर दराज के इलाकों में भेजने पर प्रतिबंध।