Jharkhand Results: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बीजेपी के उलट आ रहे रुझानों के बावजूद भरोसा जताया है कि पार्टी राज्य में सरकार बनाने में कामयाब होगी। रघुवर दास ने कहा कि ये अभी आखिरी नतीजे नहीं है और कई राउंड की गिनती अभी बाकी है।
रघुवर दास ने सरकार में मंत्री रहे और बागी प्रतिद्वंद्वी सरयू राय को लेकर भी कहा कि अभी नतीजे आने पर पता चलेगा किसने किसको डैमेज किया। रघुवर दास ने सरयू राय के असर को नजरअंदाज करते हुए कहा, 'अगर सरयू राय नुकसान पहुंचा रहे होते तो मुझे इतने वोट नहीं मिलते जितने की अभी मिले हैं। मुझे भरोसा है कि हम न केवल जीत रहे हैं बल्कि राज्य में सरकार भी बनाने में कामयाब होंगे।'
रघुवर ने साथ ही कहा, 'अभी और राउंड की गिनती बाकी है। अभी इन रूझानों पर कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा। मैं बाद में रांची में एक प्रेस-कॉन्फ्रेंस आयोजित करूंगा।'
जमशेदपुर-ईस्ट पर रघुवर दास को मिल रही है कड़ी टक्कर
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर-ईस्ट से चुनावी मैदान में हैं और उन्हें सरयू राय से कड़ी टक्कर मिल रही है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार दोपहर 12 बजे तक सरयू राय इस सीट से 156 वोट से आगे चल रहे हैं। इससे पूर्व 2014 में इस सीट पर रघुवर दास 70157 वोट से जीत हासिल करने में कामयाब रहे थे।
राज्य में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव हुए थे। बीजेपी जिन अन्य विधानसभा सीटों पर आगे है, उसमें बाघमारा, बरही, बिष्णुपुर, दुमका, जमशेदपुर (पश्चिम), जमशेदपुर (पूर्व) चंदनकियारी, पाकुड़, पनकी, पोटका, सिमडेगा, तोरपा, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, डाल्टनगंज, धनबाद, गिरिडीह और भावनाथपुर सीटें शामिल हैं।
शहरी विकास मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार सी पी सिंह रांची पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो के महुआ मांझी से 1,616 से आगे चल रहे हैं। श्रम मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार राज पालीवाल मधुपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो के हाजी हुसैन अंसारी से 1,593 मतों से आगे हैं।
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश ओरांव सिसई सीट पर 6,000 मतों से पीछे चल रहे हैं। झामुमो शिकारीपारा, गुमला, सिसई, चाइबासा, बोरियो, चक्रधरपुर, डुमरी, घाटशिला, गढ़वा, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर सीट पर आगे है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा सीट पर भाजपा के सिमोन माल्टो से 1,672 मतों से आगे चल रहे हैं लेकिन दुमका सीट पर वह बीजेपी उम्मीदवार लुईस मरांडी से 7,858 मतों से पीछे चल रहे हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)