CM Hemant Soren: गृह विभाग खुद देखेंगे सीएम सोरेन?, नए मंत्रियों को विभागों का बंटवारा, राधाकृष्ण किशोर होंगे नए वित्त मंत्री, देखें लिस्ट
By एस पी सिन्हा | Published: December 6, 2024 03:27 PM2024-12-06T15:27:03+5:302024-12-06T17:03:27+5:30
CM Hemant Soren: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चमरा लिंडा को अनुसूचित जनजाति(एसटी), अनुसूचित जाति(एससी), पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विभाग आवंटित किये गए।
रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किए जाने के बाद अब शुक्रवार को सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इसकी अधिसूचना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जारी की गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, गृह विभाग, पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अलावा वो सभी विभाग होंगे जो किसी को आवंटित नहीं किया गया है। वहीं, राधाकृष्ण किशोर को वित्त, वाणिज्य कर, योजना एवं विकास और संसदीय कार्य विभाग आवंटित किया गया है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 5, 2024
pic.twitter.com/vRJEPAsptT— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 5, 2024
अबुआ सरकार के मंत्रिपरिषद की शपथ लेने के लिए सभी माननीय मंत्रियों को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।
झारखण्ड के वीर पुरुखों के सपनों और राज्यवासियों के आशाओं एवं आकांक्षाओं को पूरा कर सोना झारखण्ड का निर्माण हमें मिलकर करना है।
जय झारखण्ड!
जय जय झारखण्ड! pic.twitter.com/QoIMgOPoq4— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 5, 2024
दीपक बिरुआ को राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार और परिवहन विभाग तो चमरा लिंडा अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं कल्याण (अल्पसंख्यक कल्याण को छोड़कर) विभाग के मंत्री होंगे। संजय प्रसाद यादव को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल और उद्योग विभाग दिए गए हैं। रामदास सोरेन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और निबंधन विभाग के मंत्री बनाए गए हैं।
इरफान अंसारी को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण के अलावा खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले और आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। हफीजुल हसन को जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय आवंटित किया गया है। वहीं, दीपिका पांडेय सिंह ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज विभाग की मंत्री बनाई गई हैं।
योगेंद्र प्रसाद को पेयजल एवं स्वच्छता और उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग आवंटित किया गया है। सुदिव्य कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अलावा पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इनके अलावा जो विभाग किसी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं, वे मुख्यमंत्री के पास रहेंगे। विभागों के बंटवारे की अधिसूचना सरकार की प्रधान सचिव वंदना डाडेल के हस्ताक्षर से जारी की गई है। बता दें कि नवनियुक्त मंत्रियों में झामुमो के 6 ,कांग्रेस के 4 विधायक और राजद के 1 विधायक हैं।