बिहार की चर्चित IPS अधिकारी लिपि सिंह के प्रमोशन पर RJD का फूटा गुस्सा, CM नीतीश कुमार पर साधा निशाना
By एस पी सिन्हा | Updated: January 6, 2021 19:58 IST2021-01-06T16:34:28+5:302021-01-06T19:58:53+5:30
बिहार की चर्चित आईपीएस लिपि सिंह को मिली प्रोन्नति पर राजद ने निराशा जाहिर की है। राजद ने कहा कि नीतीश कुमार का ट्रिपल-सी से समझौते का मुखौटा उतर गया है। उनका हिन्दू विरोधी रूप अब देश देखेगा।

सहरसा की एसपी लिपि सिंह। (फाइल फोटो)
पटना,6 जनवरी। बिहार के सहरसा की एसपी लिपि सिंह को प्रोन्नति दिये जाने पर राजद ने नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। बिहार सरकार ने लिपि सहित पांच आईपीएस अधिकारियों को वरीय समय में प्रोन्नति दिया है। राजद ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर आईपीएस लिपि सिंह के जरिए नीतीश सरकार पर निशाना साधा गया है। राजद ने क्राइम, करप्शन और कम्युनिज्म के जरिए लिपि सिंह पर हमला बोला है। राजद का इशारा बिहार चुनाव के दौरान मुंगेर हिंसा की ओर था।
राजद ने प्रोन्नति दिये जाने पर ट्वीट कर लिखा, ’आरसीपी सिंह की बेटी लिपि सिंह का प्रमोशन हुआ। मुंगेर नवरात्रि में हिंदुओं के रक्त से होली खेलने वाली इस अफसर का प्रमोशन इसीलिए हुआ कि ये और हिन्दू विरोधी कार्यों को सुचारू रूप से चालू रख सके। नीतीश कुमार का ट्रिपल-सी से समझौते का मुखौटा उतर गया है। उनका हिन्दू विरोधी रुप देश देखेगा।'
यहां बता दें कि लिपि सिंह बिहार की चर्चित आईपीएस हैं। 2016 बैच की आईपीएस लिपि सिंह अब तक कई मामलों से चर्चा में आ चुकी हैं। वो अपने पुलिस अभियानों से भी सुर्खियों में रही हैं। वहीं लिपि सिंह के पति सुहर्ष भगत भी आईएएस अफसर हैं वो वर्तमान में बांका के जिलाधिकारी हैं। लिपी सिंह मुंगेर पुलिस फायरिंग मामले में बुरी तरह से फंस गई थीं, जिसके बाद सरकार को वहां से हटाने का निर्णय लेना पड़ा था।
इसके पहले दिल्ली में अपने सरकारी काम के दौरान अपने पिता की गाड़ी का उपयोग किये जाने को लेकर भी वह विवादों में आई थीं। लेकिन सरकार की मेहरबानी से सब दाग धुलते गये और बढिया जगह पोस्टिंग मिलता रहा है।