पश्चिमी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, कर्नाटक में बारिश के कहर से 32 की जान गई, तेलंगाना में बाढ़ जैसे हालात
By अनिल शर्मा | Updated: July 14, 2022 10:13 IST2022-07-14T09:51:17+5:302022-07-14T10:13:24+5:30
मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है।

तेलंगाना में बाढ़ जैसे हालात। फोटोः ANI
नई दिल्लीः पश्चिमी भारत में ज्यादा से बहुत ज्यादा बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार को गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा के साथ-साथ ओडिशा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
कर्नाटक में बारिश के कारण 32 लोगों की मौत
कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के कारण 32 लोगों की जान चली गई। बुधवार को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए 500 करोड़ रुपये तुरंत जारी किए जाने की घोषणा की। बसवराज ने कहा कि पांच लोग लापता हैं, 34 घायल हो गये हैं, 300 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है, 14 राहत शिविर स्थापित किए गये हैं, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की चार-चार टीम लोगों को बचाने के लिये काम कर रही है।
#WATCH | Telangana: Due to continuous heavy rain for three days in the state, the water level in river Godavari has been rising rapidly and reached the third warning level at Bhadrachalam. People in the low-lying areas are evacuated and shifted to save places (13.07) pic.twitter.com/kfAMUQysOY
— ANI (@ANI) July 14, 2022
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट
आईएमडी ने कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली, तेज हवाएं और आंधी (50-60 किमी प्रति घंटे तक की गति) के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके साथ ही आईएमडी ने जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरपूर्वी अरब सागर और गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के तटों पर हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे से 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतानवी दी है। वहीं पूर्व-मध्य अरब सागर में भी कमोबेश इतनी ही रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
तेलंगाना में बाढ़ की स्थिति
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भारी बारिश के कारण राज्य प्रशासन, मंत्रियों, विधायकों को अलर्ट पर रखा है मुख्यमंत्री ने हर विभाग के साथ मैराथन समीक्षा की और बाढ़ से संबंधित नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। गोदावरी नदी बेसिन के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में केसीआर लगातार प्रशासन के संपर्क में है। उन्होंने मंत्रियों ए इंद्रकरन रेड्डी, पी अजय कुमार और वी प्रशनाथ रेड्डी से बात की और भारी बारिश से प्रभावित जिलों में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
इन राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है।