पंजाब में फैक्टरी की छत गिरने से चार लोगों की मौत

By भाषा | Published: April 5, 2021 10:06 PM2021-04-05T22:06:22+5:302021-04-05T22:06:22+5:30

Four dead in Punjab due to factory roof collapse | पंजाब में फैक्टरी की छत गिरने से चार लोगों की मौत

पंजाब में फैक्टरी की छत गिरने से चार लोगों की मौत

लुधियाना/चंडीगढ़, पांच अप्रैल पंजाब में लुधियाना के बाबा मुकंद सिंह नगर में सोमवार को एक फैक्टरी की छत गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

घटना सुबह लगभग नौ बजकर 50 मिनट पर हुई। विनिर्माण इकाई में हादसे के समय 40 मजदूर काम कर रहे थे।

उपायुक्त वरिंदर शर्मा ने कहा, ‘‘फैक्टरी का मालिक नगर निगम की अनुमति के बिना लिंटल को ऊंचा करने का काम करा रहा था।’’

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और निकाय इकाई की टीमों ने बचाव व राहत कार्य किया।

अधिकारियों ने बताया कि मलबे से 36 लोगों को निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

उन्होंने कहा कि चार मजदूरों की मौत हो गई और घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जाती है।

मृतकों की पहचान बिहार निवासी मुस्तकीन और सागर कुमार तथा लुधियाना निवासी पीचू और इम्तियाज के रूप में हुई है।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त राकेश अग्रवाल ने बताया कि फैक्टरी मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पटियाला मंडलायुक्त को घटना की मजिस्ट्रेट जांच करने और दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।

उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने और घायलों के नि:शुल्क उपचार की भी घोषणा की।

सिंह ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Four dead in Punjab due to factory roof collapse

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे