नई टिहरी, 31 जनवरी उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार को एक कार के गहरे खड्ड में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई।
टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने यहां बताया कि दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग—58 पर देवप्रयाग से 20 किलोमीटर दूर सांकणीधार सौडपानी के समीप दोपहर लगभग तीन बजे हुई। उन्होंने बताया कि कार 150—200 मीटर गहरे खड्ड में गिर गई जिससे उसमें सवार पांचों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त कार श्रीनगर से ऋषिकेश जा रही थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव अभियान चलाया और किसी तरह शवों को खड्ड से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा।
पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्टया दुर्घटना का कारण कार का स्टीयरिंग ‘लॉक’ होना प्रतीत हो रहा है। मृतकों की पहचान धीरज सिंह रावत (46), संजीव भंडारी (42), वाहन चालक अजीत सिंह, पवन भंडारी (62) और योगेंद्र सिंह भंडारी (57) के रूप में हुई है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।