अवैध पटाखा गोदाम में धमाका, चार की मौत और एक दर्जन घायल
By भाषा | Published: November 4, 2020 11:50 AM2020-11-04T11:50:43+5:302020-11-04T11:50:43+5:30
गोरखपुर (उप्र), चार नवंबर कुशीनगर जिले के कप्तानगंज इलाके में अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से चार लोगों की मौत हो गयी जबकि कम से कम 12 लोग घायल हो गये।
यह हादसा बुधवार को सुबह सात बजे के करीब हुआ।
पुलिस ने बताया कि अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयीं और तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि काफी दूर तक सुनाई दी। इलाके में चारों तरफ धुआं ही धुआं दिखायी दे रहा है।
पुलिस ने बताया कि कुशीनगर में कप्तानगंज थाने के अंतर्गत वार्ड नंबर 11 काफी घनी आबादी वाला इलाका है। इस इलाके में रहने वाले जावेद ने अपने घर में अवैध पटाखों का गोदाम बना रखा था। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह घर में एलपीजी सिलेंडर में आग लग गयी जिससे धमाका हुआ और जावेद के घर के साथ-साथ आसपास के घरों में भी आग लग गयी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या प्रसाद सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक कुमार ने बताया कि इस धमाके में चार लोगों की मौत हो गयी। जिनमें नाजिया (14), जावेद (35) और जावेद की मां फातिमा (65) हैं। धमाके में मारे गये एक व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।