Amit Shah In Bareilly: 'पाकिस्तान पर गोले बरसाएगा यहां का कारखाना', चुनावी सभा में बोले अमित शाह
By धीरज मिश्रा | Published: May 2, 2024 02:42 PM2024-05-02T14:42:50+5:302024-05-02T14:44:26+5:30
Amit Shah In Bareilly: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे। अमित शाह ने बरेली में एक चुनावी सभा को संबोधित किया।
Amit Shah In Bareilly: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे। अमित शाह ने बरेली में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। अमित शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे ने भारत जोड़ो यात्रा से चुनाव की शुरुआत की थी, लेकिन 4 जून के बाद 'कांग्रेस ढूंढो' यात्रा से इसका समापन होने वाला है। दो चरण के चुनाव में कांग्रेस पार्टी दूरबीन लेकर भी नजर नहीं आ रही है, जबकि मोदी सेंचुरी मारकर आगे निकल गए हैं।
उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर गुंडाराज और परिवारवाद को नकार कर भाजपा के विकासवाद को चुनने जा रही है। बरेली लोकसभा से लाइव… https://t.co/OU742cxEP1
— Amit Shah (Modi Ka Parivar) (@AmitShah) May 2, 2024
उन्होंने कहा कि ये चुनाव, नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। ये चुनाव, देश के अर्थतंत्र को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा अर्थतंत्र बनाने का चुनाव है। ये चुनाव, 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का चुनाव है। ये चुनाव, नक्सलवाद समाप्त करने का चुनाव है। उन्होंने आगे प्रदेश की पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में पूरे उत्तर प्रदेश में देशी कट्टे बनाने के कारखाने थे। आज कट्टों की जगह, उत्तर प्रदेश में तोप और मिसाइल बनाने का कारखाना लगा, जो पाकिस्तान पर गोले बरसाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां पर वाहन चोरी का कुटीर उद्योग चलता था, आज भाजपा के शासन में वाहन बनाने का फैक्ट्रियां लग रही हैं। यहां के बेरोजगार युवा चेन स्नेचिंग कर रहे थे, आज यूपी में मेडिकल डिवाइस बन रही हैं। अमित शाह ने कहा कि सपा के राज में पश्चिमी यूपी से पलायन होता था। योगी के राज में पलायन तो हो रहा है, लेकिन निर्दोष लोगों का नहीं, गुंडों का। 2010 और 2012 में बरेली में भीषण दंगे हुए, लेकिन कांग्रेस और सपा वाले बरेली वालों के साथ नहीं थे। 2017 में आपने भाजपा की सरकार बनाई और भाजपा ने योगी को मुख्यमंत्री बनाया। इतने कम समय के अंदर योगी ने यूपी को दंगामुक्त कर दिया।