कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को इतिहास की समझ होनी चाहिए: राउत

By भाषा | Published: January 28, 2021 04:03 PM2021-01-28T16:03:31+5:302021-01-28T16:03:31+5:30

Deputy Chief Minister of Karnataka should understand history: Raut | कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को इतिहास की समझ होनी चाहिए: राउत

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को इतिहास की समझ होनी चाहिए: राउत

मुंबई, 28 जनवरी शिवसेना नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सवादी के उस बयान की आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि मुंबई को उनके राज्य (कर्नाटक) का हिस्सा बना देना चाहिए।

राउत ने कहा कि सवादी को इतिहास की समझ होनी चाहिए और दावा किया कि महाराष्ट्र में रहने वाले कन्नड़ भाषी लोग चाहते हैं कि कर्नाटक के मराठी बहुल क्षेत्रों को महाराष्ट्र में शामिल किया जाए।

सवादी ने बुधवार को कहा था कि जब तक मुंबई को कर्नाटक का हिस्सा नहीं बनाया जाता तब तक केंद्र सरकार को इसे एक संघ शासित प्रदेश घोषित कर देना चाहिए।

राउत ने संवाददाताओं से कहा कि सवादी द्वारा दिए गए बयान को महत्व देने की जरूरत नहीं है।

शिवसेना सांसद ने कहा, “लोग बातें करते हैं, इससे हमें फर्क नहीं पड़ता। सवादी को इतिहास की समझ होनी चाहिए। कर्नाटक से सीमा विवाद मराठी भाषा और संस्कृति की रक्षा करने के लिए है।”

राउत ने कहा, “सवादी को मुंबई और महाराष्ट्र आना चाहिए और कन्नड़ भाषी लोगों से पूछना चाहिए जो उन्हें बताएंगे कि उनके राज्य में बेलगाम और अन्य मराठी बहुल क्षेत्रों को महाराष्ट्र का हिस्सा होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि राज्य में स्थित कन्नड़ स्कूलों, पुस्तकालयों और सांस्कृतिक संगठनों को महाराष्ट्र सरकार अनुदान देती है।

उन्होंने पूछा, “क्या यह बेलगाम में होता है?”

राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य के विकास के एजेंडे को ही क्रियान्वित करेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Deputy Chief Minister of Karnataka should understand history: Raut

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे