ओमीक्रोन का भारत में बढ़ा खतरा, गुजरात के बाद महाराष्ट्र में मिला मरीज, देश में चौथा मामला
By विनीत कुमार | Published: December 4, 2021 07:39 PM2021-12-04T19:39:54+5:302021-12-04T19:56:16+5:30
भारत में कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमण का चौथा मामला सामने आया है। चौथा केस महाराष्ट्र से मिला है। दक्षिण अफ्रीका से लौटा शख्स इस वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है।
मुंबई: भारत में कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट के फैलाव का खतरा बढ़ गया है। शनिवार को देश दो मामले आए। गुजरात के बाद अब महाराष्ट्र में एक शख्स कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित मिला है। इससे पहले कर्नाटक में दो मामले हाल ही में सामने आ चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका से मुंबई पहुंचा शख्स संक्रमित
पीटीआई के अनुसार दक्षिण अफ्रीका से दुबई, दिल्ली के रास्ते मुंबई आने वाला महाराष्ट्र का एक व्यक्ति कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाया गया। भारत में ओमीक्रोन से संक्रमण का यह चौथा मामला है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमित मिला शख्स मुंबई के समीप कल्याण डोम्बिवली नगरपालिका क्षेत्र में मिला है।
24 नवंबर को भारत लौटा था शख्स
मुंबई में ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित मिले शख्स की उम्र 33 साल है। वह 24 नवंबर को केपटाउन से दुबई और दिल्ली होते हुए लौटा था। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शख्स ने टीका नहीं लिया था। विभाग के अनुसार शख्स के सबसे ज्यादा संपर्क में आए 12 और कम संपर्क में आए 23 लोगों की भी जांच की गई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई फ्लाइट के 25 सहयात्रियों की भी जांच की गई है। इनकी भी रिपोर्ट निगेटिव है। शख्स के संपर्क में आए अन्य लोगों की भी पहचान अभी की जा रही है।
इससे पहले शनिवार को ही गुजरात के जामनगर में एक शख्स ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित पाया गया। इस शख्स की उम्र 72 साल है और यह हाल में अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे से लौटा था। इसके बाद उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे भेजा गया था।
कर्नाटक में ओमीक्रोन संक्रमण के दो केस
हाल में कर्नाटक के बेंगलुरु में दो मामले सामने आए थे। इनमें से एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक है, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति है। स्थानीय शख्स एक डॉक्टर है और उसने हाल में कोई विदेश यात्रा भी नहीं की थी। दोनों को कोरोना की पूरी डोज लग चुकी है। इसमें 66 साल का दक्षिण अफ्रीकी नागरिक दुबई जा चुका है, जिसे लेकर विवाद मचा हुआ है।