Covid Latest Cases in India: भारत में पिछले 24 घंटों में 26 हजार से भी अधिक कोरोना के नए मामले सामने आए हैं और कोविड-19 से 277 लोगों की जान गई है। जबकि 28 हजार से भी अधिक लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों में कुल 26,727 कोरोना के नए केस देशभर में पाए गए हैं और 28,246 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। वहीं 277 लोगों की मौत कोरोना वायरस से हुई है।
अब तक कोरोना के आंकड़े
रिपोर्ट के अनुसार, देश में अभी कोरोना के सक्रिय मामले 2,75,224 हैं। वहीं कोरोना वायरस से अब तक कुल 3,30,43,144 मरीज ठीक हुए हैं। जबकि 4,48,339 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। महत्वपूर्ण बात ये है कि अब तक 89,02,08,007 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है। इसमें 64,40,451 लोगों को पिछले 24 घंटे में कोरोना का टीका लगा है।
केरल में 122 लोगों की कोरोना से मौत
पिछले 24 घंटों के कोरोना के कुल 26,727 मामलों में से 15,914 नए मामले सिर्फ केरल राज्य के हैं। वहीं कुल 277 मौतों के आकड़ों में 122 लोगों की मौत भी इसी राज्य में हुई है। राज्य में रोजाना हजारों मामले रिपोर्ट हो रहे हैं, जो राज्य के साथ साथ पूरे देश के लिए चिंता की बात है।
अब तक 57 करोड़ से ज्यादा सैंपल हो चुकी है टेस्टिंग
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक कोविड-19 के सैंपल के टेस्टिंग का आंकड़ा भी 57 करोड़ को पार कर गया है। मंत्रालय के अनुसार, 30 सितंबर 2021 तक 57,04,77,338 सैंपल की टेस्टिंग की जा चुकी है। इसमें 15,20,899 सैंपल्स की टेस्टिंग केवल सितंबर माह के आखिरी दिन हुए हैं।