गुवाहाटीः कांग्रेस ने आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। असम कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता देबब्रता सैकिया आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में नाजिरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा जल्द ही 2026 असम विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित किए जाने की उम्मीद है, ऐसे में प्रमुख विपक्षी कांग्रेस राज्य की कम से कम 46 विधानसभा सीटों (एलएसी) पर अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है। उम्मीदवारों की पहली सूची राज्य विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने से पहले जारी की गई है। प्रदेश में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित है।
अब केवल 19 सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम मतदाता 50 प्रतिशत से अधिक हैं और इनमें से 15 सीटों पर 90 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी के दो सदस्य सांसद इमरान मसूद और सप्तगिरि शंकर उलका इस सप्ताह असम के कई जिलों का दौरा करने वाले हैं।
इन दौरों का उद्देश्य संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करना और पार्टी कार्यकर्ताओं, संभावित उम्मीदवारों और समुदाय प्रतिनिधियों के साथ जमीनी स्तर पर परामर्श करना है। सांसद इमरान मसूद 3 मार्च को होजाई में अपने दौरे की शुरुआत करेंगे, जहां वे जिला और ब्लॉक स्तर के नेताओं, संभावित उम्मीदवारों, मौजूदा और पूर्व विधायकों और सांसदों संगठनों के प्रतिनिधियों और मीडियाकर्मियों से मुलाकात करेंगे।
होजाई से मसूद पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के डोनकामोकम जाएंगे, जहां वे स्थानीय पार्टी नेताओं और संगठन प्रतिनिधियों से मिलेंगे। इसके बाद वे दीमा हसाओ जिले के हाफलोंग में एक रात रुकेंगे। 4 मार्च को, वे हाफलोंग में एक बैठक में भाग लेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।