"कांग्रेस ने पंचायती राज को कभी सशक्त नहीं बनाया, केवल कागजों पर बाजीगरी करती थी", पीएम मोदी ने फिर साधा कांग्रेस पर निशाना
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: August 7, 2023 13:08 IST2023-08-07T13:06:02+5:302023-08-07T13:08:55+5:30
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के पंचायती राज परिषद का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए कहा कि देश में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने कभी भी पंचायती राज को कभी सशक्त नहीं बनाया।

फाइल फोटो
नयी दिल्ली/फरीदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के पंचायती राज परिषद का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए एक बार फिर कांग्रेस पर बेहद जबरदस्त हमला किया है। पीएम मोदी ने सोमवार को हरियाणा के सूरजकुंड में भाजपा के दो दिवसीय क्षेत्रीय पंचायती राज परिषद सम्मेलन की शुरूआत करते हुए कहा कि देश में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने कभी भी पंचायती राज को कभी सशक्त नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बाजीगरी तो केवल कागजों पर सीमित थी, जिसका सबसे ताजा उदाहरण जम्मू-कश्मीर है।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस शासन के दौरान पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए कुछ भी नहीं किया गया। ज्यादातर काम केवल नंबर गिनाने के लिए थे और वो भी केवल कागजों में रहते थे। जम्मू-कश्मीर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है...।"
#WATCH | " During Congress rule, nothing was done to empower Panchayati Raj institutions, most of the actions were just in numbers and papers. J&K is the biggest example...": PM Modi addresses BJP workers pic.twitter.com/aIyaO8vDYO
— ANI (@ANI) August 7, 2023
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि आज देश के गांव आधुनिक हो रहे हैं लेकिन कांग्रेस के राज में सहसे ज्यादा अनदेखी पंचायतों की हुई। ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने अपने राज में पंचायतों को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा अड्डा बना दिया था। उनके लोगों ने पंचायतों पर कब्जा करके खूब जमकर भ्रष्टाचार किया और सरकारी योजनाओं को कागज पर चलाकर पैसे अपने जेब में भर लेते थे।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस राज में योजनाएं कागजों पर कैसे चलती थीं, इसका सबसे ताजा और बड़ा उदाहरण जम्मू-कश्मीर में मिलता है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई तो और उसके बाद ही वहां पर पंचायतों के चुनाव हुए। कई दशकों के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार जमीनी लोकतंत्र स्थापित हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी आजादी के चार दशकों तक नहीं समझ पाई कि गांवों में पंचायती राज व्यवस्था लागू करना कितना महत्वपूर्ण है। उसने जिला पंचायत प्रणाली को भी उसके हाल पर छोड़ दिया। जिसने देश के विकास को कोसों पीछे ढकेल दिया।"