Bypolls Chunav seat 2024: बीजेपी ने 25 प्रत्याशियों की घोषणा की, असम, बिहार, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्य में उपचुनाव, देखें लिस्ट

By सतीश कुमार सिंह | Updated: October 20, 2024 09:48 IST2024-10-20T05:40:50+5:302024-10-20T09:48:11+5:30

Bypolls Chunav seat 2024 Dates:  भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की छह विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जहां 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे।

Bypolls Chunav seat 2024 Dates BJP announces 25 candidates by-elections in Assam, Bihar, Karnataka, Kerala, Madhya Pradesh, Rajasthan and West Bengal, see list | Bypolls Chunav seat 2024: बीजेपी ने 25 प्रत्याशियों की घोषणा की, असम, बिहार, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्य में उपचुनाव, देखें लिस्ट

file photo

Highlightsतृणमूल कांग्रेस, विपक्षी वाम मोर्चा और कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। हरोआ, बांकुरा के तलडांगरा और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शामिल हैं।असम में 13 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा।

Bypolls Chunav seat 2024 Dates: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नाव्या हरिदास को अपना उम्मीदवार घोषित किया, जहां से प्रियंका गांधी कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। पार्टी ने आठ राज्यों में 24 विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पूर्व सांसद सुनील सोनी छत्तीसगढ़ की रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसके अलावा असम, बिहार, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की छह विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जहां 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे।

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, विपक्षी वाम मोर्चा और कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। नवंबर में जिन निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं उनमें अलीपुरद्वार जिले का मदारीहाट, कूच बिहार का सीताई, उत्तर 24 परगना के नैहाटी और हरोआ, बांकुरा के तलडांगरा और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शामिल हैं।

असम में 13 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा

भाजपा ने नैहाटी से रूपक मित्रा, हरोआ से बिमल दास, मदारीहाट से राहुल लोहार, मेदिनीपुर से सुभाजीत रॉय, तलडांगरा से अनन्या रॉय चक्रवर्ती और सिताई से दीपक कुमार रॉय को उम्मीदवार बनाया है।असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को भाजपा उम्मीदवारों, निहार रंजन दास, दिगंता घटोवार और दीप्लू रंजन शर्मा को बधाई दी। तीनों को क्रमशः ढोलई (अनुसूचित जाति), बेहाली और समागुरी विधानसभा क्षेत्रों से उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है। असम में 13 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीनों उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई। भाजपा तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद (अगप) बोंगाईगांव में और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी, लिबरल (यूपीपीएल) सिडली (अनुसूचित जाति) सीट पर चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तीनों उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दी।

दीप्लू रंजन शर्मा भाजपा राज्य महासचिव

कहा कि उन्हें विश्वास है कि जनता उन्हें बड़ी संख्या में (मतों के जरिये) अपना आशीर्वाद देगी। घटोवार भाजपा के सोनितपुर जिला महासचिव हैं। दास ने ढोलई(अनुसूचित जाति) सीट से 2016 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए और पहली बार उसके प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे हैं।

दीप्लू रंजन शर्मा भाजपा के राज्य महासचिव और पार्टी की राज्य युवा शाखा के पूर्व अध्यक्ष हैं। छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए पूर्व सांसद सुनील सोनी को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की।

रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद भाजपा विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया था तब से यह सीट रिक्त है। प्रदेश भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा, ''भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रायपुर शहर दक्षिण उपचुनाव के लिए सोनी के नाम को अंतिम रूप दिया।'' सुनील सोनी पहली बार 2019 में रायपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे।

रायपुर शहर दक्षिण शहरी सीट है जो 2008 में अस्तित्व में आई थी

इस वर्ष लोकसभा चुनाव में जब भाजपा ने पार्टी के चार मौजूदा सांसदों का टिकट काटा उनमें रायपुर के सांसद सोनी भी शामिल थे। सोनी 2003 से 2010 तक रायपुर नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। वह रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। रायपुर शहर दक्षिण शहरी सीट है जो 2008 में अस्तित्व में आई थी।

अभी तक यह सीट भाजपा के प्रभावशाली नेता बृजमोहन अग्रवाल के पास थी। आठ बार विधायक रहे अग्रवाल 1990 से विधानसभा चुनाव में अजेय रहे। भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में अग्रवाल को रायपुर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा था। वह पहली बार सांसद चुने गए हैं।

23 नवंबर को मतगणना होगी

राजनीतिक जानकारों के अनुसार सोनी, अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं तथा अग्रवाल का समर्थन उन्हें उपचुनाव में फायदा पहुंचा सकता है। इस सीट पर उम्मीदवार 25 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इस सीट पर 13 नवंबर को मतदान होगा तथा 23 नवंबर को मतगणना होगी।

पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 90 में से 54 सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 35 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एक सीट जीती थी। इस निर्वाचन क्षेत्र में 2,70,936 मतदाता हैं, जिनमें 1,33,713 पुरुष, 1,37,171 महिलाएं और 52 तृतीय लिंगी हैं।

मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में बुधनी सीट

अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के लिए कुल 253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तथा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों की पांच कंपनियां तैनात की जाएंगी। राज्य के विपक्षी दल कांग्रेस ने अभी तक इस सीट पर किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में बुधनी सीट से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और विजयपुर सीट से पूर्व कांग्रेसी नेता रामनिवास रावत को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। सीहोर और श्योपुर जिलों में क्रमश: बुधनी और विजयपुर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव 13 नवंबर को होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

2019 से 2024 के बीच विदिशा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व

इस सप्ताह की शुरुआत में निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज निवासी भार्गव ने 2019 से 2024 के बीच विदिशा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा लोकसभा सीट से निर्वाचित होने पर बुधनी विधायक के तौर पर इस्तीफा देने के बाद बुधनी सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। चौहान ने 2006 में मुख्यमंत्री बनने के बाद से लगातार पांच बार और 1990 में एक बार बुधनी का प्रतिनिधित्व किया। अब वह केंद्रीय कृषि मंत्री हैं। भाजपा हलकों में भार्गव को चौहान का करीबी माना जाता है।

कांग्रेस नेता के रूप में रावत विजयपुर से छह बार जीत चुके

बुधनी विधानसभा क्षेत्र विदिशा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। इस साल के लोकसभा चुनाव से पहले रावत के कांग्रेस विधायक के रूप में इस्तीफा देने और सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के बाद विजयपुर सीट खाली हो गई थी। रावत अब राज्य के वन मंत्री हैं। कांग्रेस नेता के रूप में रावत विजयपुर से छह बार जीत चुके हैं।

अब वह उसी निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के कमल के निशान पर वोट मांगेंगे। कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को उपचुनाव की घोषणा के बाद श्योपुर और सीहोर जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। 18 अक्टूबर से शुरू हुआ नामांकन दाखिल करने का काम 25 अक्टूबर तक चलेगा।

नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, विजयपुर निर्वाचन क्षेत्र में 2,54,647 मतदाता हैं, जिनमें 1,21,091 महिला, 1,33,554 पुरुष, दो तृतीय लिंगी और 103 सेवाकर्मी शामिल हैं।

बसवराज बोम्मई अब हावेरी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद

बुधनी में 2,76,397 नागरिक मतदान करने के पात्र हैं। इनमें 1,33,280 महिला, 1,43,111 पुरुष, छह तृतीय लिंगी और 194 सेवाकर्मी मतदाता हैं। विजयपुर निर्वाचन क्षेत्र में 327 मतदान केंद्र होंगे, जबकि बुधनी सीट के लिए यह संख्या 363 है। भाजपा ने शनिवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के बेटे को शिग्गांव विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया और पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष बंगारू हनुमंतु को संदूर विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा। भरत बोम्मई की उम्मीदवारी की घोषणा बोम्मई परिवार की तीसरी पीढ़ी के चुनावी राजनीति में प्रवेश का प्रतीक है।

उनके दादा एस आर बोम्मई और पिता बसवराज बोम्मई राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बसवराज बोम्मई अब हावेरी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। इस बीच, भाजपा-जद (एस) गठबंधन ने अभी तक चन्नपटना विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। संभावना यह है कि इस सीट पर जद (एस) चुनाव लड़ेगा।

पठान अहमद खान को शिग्गांव विधानसभा सीट से फिर से मैदान में उतारा

जद (एस) सूत्रों के अनुसार, इस बात की संभावना काफी है कि केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी को चन्नपटना से मैदान में उतारा जा सकता है। कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। हालांकि पार्टी सूत्रों ने कहा कि पठान अहमद खान को शिग्गांव विधानसभा सीट से फिर से मैदान में उतारा जा सकता है।

खान को 2023 के विधानसभा चुनाव में बसवराज बोम्मई ने हराया था। पार्टी सूत्रों ने बताया कि संदूर से कांग्रेस सांसद ई. तुकाराम की पत्नी या बेटी को टिकट दिया जा सकता है। चन्नपटना के संबंध में उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार के भाई डी के सुरेश को टिकट मिल सकता है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा

यह उपचुनाव तीन मौजूदा विधायकों एच डी कुमारस्वामी (चन्नपटना), ई तुकाराम (संदूर) और बसवराज बोम्मई (शिगगांव) के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने के कारण आवश्यक हो गया था। राजस्थान की सात विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा शनिवार को कर दी।

भाजपा ने चौरासी सीट पर हालांकि उम्मीदवार की घोषणा नहीं की। भाजपा द्वारा जारी सूची के मुताबिक, दौसा सीट से जगमोहन मीणा, झुंझुनू से राजेंद्र भांभू, रामगढ़ से सुखवंत सिंह, देवली-उनियारा से राजेंद्र गुर्जर, खींवसर से रेवंत राम डांगा और सलूंबर सीट से शांता देवी मीणा को उम्मीदवार घोषित किया है। उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को की जाएगी।

राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 114, कांग्रेस के 65, भारत आदिवासी पार्टी के तीन, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो और राष्ट्रीय लोकदल का एक विधायक है। इसके अलावा सदन में आठ निर्दलीय विधायक हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इन सात विधानसभा सीट के लिल कुल 1,862 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा और 19,36,532 मतदाता मतदान करेंगे।

भाजपा ने बिहार विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह को बिहार के रामगढ़ सीट से और विशाल प्रशांत को तरारी विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया। सिंह ने 2015 में इसी सीट से जीत हासिल की थी, लेकिन इसके बाद 2020 के चुनाव में वह राजद के सुधाकर सिंह से हार गए थे।

बक्सर से सुधाकर के लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहे हैं। प्रशांत कुछ महीने पहले ही पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें तरारी से नये चेहरे के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट का प्रतिनिधित्व उनके पिता सुनील कुमार पांडे कई बार कर चुके हैं। भाकपा (माले) के सुदामा प्रसाद के आरा से लोकसभा निर्वाचित होने के कारण तरारी में उपचुनाव हो रहा है।

उपचुनाव: भाजपा ने वायनाड में प्रियंका गांधी के खिलाफ युवा नेता नाव्या हरिदास को मैदान में उतारा

भाजपा ने शनिवार को घोषणा की कि कोझिकोड नगर निगम की दो बार की पार्षद नाव्या हरिदास वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए राजग की उम्मीदवार होंगी। तेरह नवंबर को होने वाले उपचुनाव में हरिदास का मुकाबला कांग्रेस की प्रियंका गांधी और भाकपा के सत्यन मोकेरी से होगा।

भाजपा ने विभिन्न राज्यों में उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें युवा महिला नेता हरिदास को वायनाड लोकसभा सीट के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हरिदास नगर निगम में भाजपा संसदीय दल की नेता के रूप में कार्य करती हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव भी हैं।

वायनाड लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव इसलिए आवश्यक हो गया था, क्योंकि राहुल गांधी ने दो सीट से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने वायनाड की जगह रायबरेली सीट अपने पास रखने और वायनाड सीट छोड़ने का निर्णय किया। इस बीच, भाजपा के प्रदेश महासचिव सी कृष्णकुमार पालक्काड विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जहां पार्टी को जीत की काफी उम्मीद है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल और कांग्रेस से निष्कासित डिजिटल मीडिया संयोजक पी. सरीन इस निर्वाचन क्षेत्र से क्रमशः कांग्रेस और माकपा के उम्मीदवार होंगे। भाजपा की सूची के अनुसार, चेलाक्कारा विधानसभा क्षेत्र से के. बालकृष्णन पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

पूर्व विधायक यू आर प्रदीप और पूर्व सांसद राम्या हरिदास उपचुनाव में चेलाक्कारा से क्रमशः माकपा और कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। पालक्काड और चेलाक्कारा विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव इसलिए आवश्यक हो गया, क्योंकि वहां से विधायक क्रमश: शफी परम्बिल और के. राधाकृष्णन इस वर्ष लोकसभा के लिए चुने गए हैं। 

Web Title: Bypolls Chunav seat 2024 Dates BJP announces 25 candidates by-elections in Assam, Bihar, Karnataka, Kerala, Madhya Pradesh, Rajasthan and West Bengal, see list

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे