BJP and Congress: भाजपा और कांग्रेस को बड़ी क्षति हुई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रोहिदास पाटिल और प्रयागराज की मेजा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व विधायक नीलम करवरिया का निधन हो गया। पाटिल का संक्षिप्त बीमारी के कारण शुक्रवार को महाराष्ट्र के धुले स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। करवरिया का हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 50 वर्ष की थीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नीलम करवरिया के निधन पर शोक प्रकट किया है। पाटिल ने पूर्वाह्न करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वह 84 वर्ष के थे सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। पाटिल के परिवार में दो बेटे विधायक कुणाल, विनय पाटिल और बेटी स्मिता हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राज्य की हालिया यात्रा के दौरान रोहिदास पाटिल से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। पाटिल, कांग्रेस की विभिन्न सरकारों के दौरान कैबिनेट मंत्री रहे थे। उन्होंने लंबे समय तक धुले ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और अब उनके बेटे कुणाल इस सीट से विधायक हैं।
पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस ने एक अनुभवी नेता खो दिया। राकांपा (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा कि पाटिल फेफड़े से संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। पवार ने अपने पोस्ट में कहा कि पाटिल ने धुले में कांग्रेस को मजबूत किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रयागराज की बारा विधानसभा सीट से विधायक डॉक्टर वाचस्पति ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नीलम करवरिया करीब 10 दिन पूर्व जिगर के प्रत्यारोपण के लिए हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुई थीं और बृहस्पतिवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि देर रात करवरिया का निधन हो गया।
उनके परिवार में पति उदयभान करवरिया, बेटी समृद्धि और साक्षी और बेटा सक्षम है। करवरिया 2017 में मेजा सीट से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुई थीं। नीलम करवरिया के पति और बारा विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा विधायक उदयभान करवरिया बीते 25 जुलाई को नैनी सेंट्रल जेल से रिहा हुए थे। करीब नौ वर्ष से नैनी जेल में बंद उदयभान को राज्यपाल की अनुशंसा पर रिहा किया गया था।
उदयभान को समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक जवाहर यादव की हत्या का दोषी करार दिया गया था और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। करवरिया के करीबी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार को दोपहर में प्रयागराज लाए जाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने एक संदेश में कहा ''मेजा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक नीलम करवरिया जी का निधन अत्यंत दुःखद है।'' योगी ने कहा ''ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!''
राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर अपनी एक पोस्ट में कहा ''मृदुभाषी और जनप्रिय नेता, जनपद प्रयागराज के मेजा विधानसभा से पूर्व विधायक नीलम करवरिया जी के निधन की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को संकट की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।''