विधानसभा चुनाव से पहले 45 डीएम का तबादला, पटना, गयाजी, दरभंगा के जिलाधिकारी यहां से वहां, देखिए लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 1, 2025 11:07 IST2025-06-01T11:06:37+5:302025-06-01T11:07:36+5:30
साल 2011 बैच के अधिकारी एवं गयाजी के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

file photo
पटनाः बिहार सरकार ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए शनिवार को कई जिलाधिकारियों (डीएम) समेत 45 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में, बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) के 31 अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया। इसके अलावा, राज्य सरकार ने महादलित आयोग और अनुसूचित जाति आयोग में नयी नियुक्तियां कीं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी एवं पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह को पटना प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया। साल 2011 बैच के अधिकारी एवं गयाजी के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
पटना प्रमंडल के पूर्व आयुक्त मयंक वरवड़े को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद का राज्य परियोजना निदेशक बनाया गया है। दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन को सारण प्रमंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया गया। अवनीश कुमार सिंह को मुंगेर प्रमंडल और राज कुमार को तिरहुत प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
राज्य सरकार ने विश्वनाथ ऋषि को महादलित आयोग का अध्यक्ष जबकि देवेंद्र कुमार को अनुसूचित जाति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। अनुसूचित जाति आयोग के नये सदस्य ललन राम, रूबल रविदास और संजय कुमार हैं। वहीं, राम नरेश कुमार और ईश्वर रजक को महादलित आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है।
बिहार में 11 आईएएस और छह आईपीएस अधिकारियों का तबादला
बिहार सरकार ने नौकरशाही में बड़े बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 11 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के छह अधिकारियों का तबादला कर दिया। अलग-अलग अधिसूचनाओं में यह जानकारी दी गई। इनके अलावा बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) के 36 अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
आईएएस अधिकारी अनुपमा सिंह को स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया, जबकि गुंजन सिंह को भोजपुर का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) और शुभम कुमार को भागलपुर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि शैलजा पांडे को समस्तीपुर का नया डीडीसी, जबकि शिवाक्षी दीक्षित को मुंगेर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी एक अलग अधिसूचना में कहा गया है कि आईपीएस अधिकारी राजीव रंजन को राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो का पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है।
जबकि राकेश कुमार सिन्हा को सतर्कता ब्यूरो का नया एसपी बनाया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, पंकज कुमार आर्थिक अपराध इकाई के नये एसपी होंगे, जबकि मनीष कुमार सिन्हा अब विशेष शाखा में एसपी (सुरक्षा) की जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्य की नौकरशाही और पुलिस में फेरबदल इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।