बिहार चुनाव: सुशांत सिंह राजपूत के भाई नीरज कुमार सिंह हारे या जीते, सुपौल के छातापुर सीट पर क्या है हाल, जानिए
By विनीत कुमार | Updated: November 10, 2020 15:46 IST2020-11-10T15:41:32+5:302020-11-10T15:46:22+5:30
Bihar Assembly Election Result: बिहार चुनाव के नतीजे आने जारी है। फाइनल रिजल्ट में अभी समय लगेगा। इस बीच सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह को लेकर अपडेट आया है। वे सुपौल का छातापुर सीट से चुनावी मैदान में हैं और मतों की गिनती में आगे चल रहे हैं।

बिहार चुनाव: सुपौल के छातापुर सीट से चुनावी मैदान में हैं सुशांत सिंह राजपूत के भाई (फाइल फोटो)
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। बिहार में अब तक के रुझानों में एनडीए बहुमत के पार है। वहीं, महागठबंधन 100 सीटों के आसपास है। हालांकि, चुनाव के फाइनल नतीजे आने में काफी समय है। ऐसे में अभी भी माना जा रहा है कि ऊंट किसी भी करवट बैठ सकता है। चुनाव आयोग ने साफ किया है कि बढ़े हुए ईवीएम और मतदान केंद्रों के कारण नतीजे आने में अभी और समय लगेगा।
इस बीच कई सीटों से रूझान सामने आए हैं। इसमें सुपौल का छातापुर सीट भी शामिल है। इस सीट पर खास नजर इसलिए कि यहां से सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह मैदान में हैं। इस सीट पर 7 नवंबर को मतदान हुए थे। पिछले ही महीने चुनावी प्रचार के दौरान उनकी तबीयत खराब होने की भी खबरें आई थी।
बताया गया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में भी रहना पड़ा। इस कारण उनका चुनाव प्रचार का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है।
सुपौल के छातापुर सीट पर क्या है हाल
छातापुर में मुख्य मुकाबला BJP के नीरज कुमार सिंह उर्फ़ बबलू और आरडेजी के विपिन सिंह के बीच है। इससे पहले 2015 के हुए चुनाव में नीरज कुमार सिंह ने आरडेजी जहूर आलम को करीब 9 हज़ार वोटों से हराया था। 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में नीरज ने जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए अकील अहमद को 23 हज़ार मतों से मात दी थी।
इस बार भी यहां फिलहाल नीरज कुमार सिंह जीत की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। वे विपिन सिंह से करीब 8 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार नीरज के खाते में अभी 35021 वोट आए हैं। वहीं, विपिन के खाते में 27083 वोट पड़ चुके हैं।
इसके अलावा तीसरे नंबर पर अभी अरुण कुमार आजाद हैं। वे निर्दलीय लड़ रहे हैं। साथ ही जअपा, बसपा, एनसीपी, एआइएमआइएम आदि दलों ने भी यहां अपना प्रत्याशी खड़े किये हैं।