किसान की हत्या कर शव नाला में फेंका
By भाषा | Published: April 17, 2021 03:57 PM2021-04-17T15:57:21+5:302021-04-17T15:57:21+5:30
हमीरपुर (उत्तर प्रदेश), 17 अप्रैल उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अज्ञात बदमाशों ने भूसे की रखवाली करने खेत पर गए एक किसान की हत्याकर शव नाले में फेंक दिया।
हमीरपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुमेरपुर कस्बे के धर्मेश्वर बाबा मुहल्ले में रहने वाले किसान रमइया प्रजापति (37) का शव शनिवार सुबह एक नाले से बरामद किया गया है। शव पर चोट के निशान हैं।
अधिकारी ने किसान के परिजनों के हवाले से बताया कि वह शुक्रवार की रात करीब तीन बजे खेत में पड़े भूसे की रखवाली करने गया था। सुबह जब परिजन खेत गए, तब खून के छीटे और घसीटे जाने के निशान देखे और उसकी खोजबीन की। किसान का शव कुछ दूर स्थित नाले में मिला।
उन्होंने कहा, "प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। इस सिलसिले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गयी है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।