बदायूं , 10 अप्रैल: बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बने हुए हैं। हाल ही में बाबा साहेब की मूर्तियां तोड़कर अराजकता फैलाने को कोशिश की गई। लेकिन इस बीच अब नया मोड़ आ गया है। यूपी के बदायूं में एक अनोखा नजारा देखने को मिला है। खबर के अनुसार यहां बाबा साहेब की मूर्ति पर सत्ताधारी रंग यानि की भगवा रंग चढ़ गया है।
कहा जा रहा है कि रविवार(8 अप्रैल) को कुछ लोगों व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इस भगवा प्रतिमा का अनावरण किया गया है। आंबेडकर की मूर्ति का रंग बदलकर नीला से भगवा कर दिया गया है। अक्सर कोट और ट्राउजर में दिखने वाले आंबेडकर की मूर्ति को भगवा रंग की शेरवानी पहनाई गई है। जो नीले की जगह भगवा कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों दुगरैया गांव में बाबा साहेब की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़ दी थी। जिसके बाद बिगड़ते माहौल को देखते हुए प्रशासन ने नई मूर्ति मंगवाकर स्थापित की, ग्रामीणों के बीच इस नई मूर्ति का अनावरण किया गया जो भगवा रंग की है।
वहीं, मूर्ति के भगवाकरण होने के बाद से कुछ संगठन खासा नाजार भी हैं। उन्होंने इसको राजनीतिक रूप माना है। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के बदायूं जिले के अध्यक्ष भारत सिंह जाटव ने कहा, 'आंबेडकर की प्रतिमा में उनके कोट का रंग बदलने से समुदाय के लोग गुस्से में है।'
ऐसा पहली बार हुआ है जब नीले रंग की अंबेडर की प्रतिमा भगवा रंग की, की गई हो। प्रतिमा के भगवाकरण हो जाने से हर कोई खासा हैरान है। चौंकाने वाली बात यह है कि प्रतिमा के रंग पर अब तक न तो बसपाइयों ने कोई आपत्ति जताई और न ही बाबा साहेब के अन्य अनुयायियों ने।