आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोवा में भाजपा विधायक के घर के बाहर हंगामा किया

By भाषा | Published: July 11, 2021 05:38 PM2021-07-11T17:38:46+5:302021-07-11T17:38:46+5:30

Aam Aadmi Party workers create ruckus outside BJP MLA's house in Goa | आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोवा में भाजपा विधायक के घर के बाहर हंगामा किया

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोवा में भाजपा विधायक के घर के बाहर हंगामा किया

पणजी, 11 जुलाई गोवा में भारतीय जनता पार्टी के विधायक विल्फ्रेड डिसा के नुवेम गांव स्थित उनके आवास के बाहर रविवार को उस समय हंगामा पैदा हो गया, जब आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने डिसा के विरोध में प्रदर्शन किया।

आप का दावा था कि डिसा के समर्थकों ने एक दिन पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को अपशब्द कहे थे। आप ने कहा कि डिसा के घर के बाहर रविवार को पार्टी के “शांतिपूर्ण विरोध” के दौरान उनके समर्थकों ने उसके सदस्यों पर अंडे और टमाटर फेंके। विधायक ने अपने समर्थकों द्वारा ऐसी कोई भी हरकत किये जाने का खंडन किया।

आप प्रदेश उपाध्यक्ष प्रतिमा कुटिन्हो के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी के नेताओं का एक समूह, दक्षिण गोवा में डिसा के घर गया था। यह, दो साल पहले कांग्रेस से भाजपा में गए 10 विधायकों को निशाना बनाने के आप के अभियान के तहत किया गया था। नुवेम से विधायक डिसा, उन 10 नेताओं में से हैं जो 10 जुलाई 2019 को भाजपा में शामिल हुए थे।

अभियान के तहत, आप कार्यकर्ता इन विधायकों के घर गए और कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्हें केक दिया। आप नेताओं ने कहा कि ज्यादातर विधायकों ने केक स्वीकार कर लिया, लेकिन शनिवार को डिसा के घर के बाहर आप कार्यकर्ताओं को अपशब्द कहे गए।

आप की गोवा इकाई के संयोजक राहुल महाम्ब्रे ने पीटीआई-भाषा से कहा, “अपशब्द कहे जाने के विरोध में रविवार को हम डिसा के घर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने गए थे लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। विधायक के समर्थकों ने हमारे ऊपर अंडे और टमाटर फेंके।”

उन्होंने कहा कि आप कार्यकर्ताओं पर बिना उकसावे के हमला किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कुटिन्हो समेत आप नेताओं ने पुलिस के अवरोधकों को तोड़कर घुसने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें रोकना पड़ा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पुलिस की ओर से कोई लाठीचार्ज या ऐसी कार्रवाई नहीं की गई। हमने केवल उन्हें रोका, जिसके बाद वे चले गए।”

घटना के बाबत पूछे जाने पर डिसा ने कहा कि आप का विरोध प्रदर्शन बेवजह था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सस्ती लोकप्रियता बटोरने के लिए उनके घर के बाहर एकत्र हुए थे। उन्होंने अपने समर्थकों द्वारा आप कार्यकर्ताओं पर हमला करने की खबर का भी खंडन किया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Aam Aadmi Party workers create ruckus outside BJP MLA's house in Goa

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे