टोक्यो ओलंपिक: पुरुष हॉकी में 'गोल्ड' का टूटा सपना, भारत को सेमीफाइनल में बेल्जियम ने 5-2 से हराया

By विनीत कुमार | Updated: August 3, 2021 09:38 IST2021-08-03T08:47:05+5:302021-08-03T09:38:08+5:30

ओलंपिक के फाइनल में चार दशक बाद खेलने का भारतीय पुरुष हॉकी टीम सपना एक बार फिर टूट गया है। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में बेल्जियम के हाथों 2-5 से हार का सामना करना पड़ा है।

Tokyo Olympics 2020 Belgium beat India in men hockey semifinal by 5-2 | टोक्यो ओलंपिक: पुरुष हॉकी में 'गोल्ड' का टूटा सपना, भारत को सेमीफाइनल में बेल्जियम ने 5-2 से हराया

टोक्यो ओलंपिक: सेमीफाइल में बेल्जियम से हारी भारतीय पुरुष हॉकी टीम

Highlightsटोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की 2-5 से हारबेल्जियम के खिलाफ सेमीफाइनल में हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह ने एक-एक गोल कियाबेल्जियम की ओर से एलेक्जेंडर हेंडरिक्स ने तीन गोल दागे और अपने टीम की जीत पक्की की

टोक्यो: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का टोक्यो ओलंपिक के फाइनल का सफर थम गया है। विश्व की नंबर एक टीम बेल्जियम ने मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय टीम 5-2 से हराकर खिताबी मुकाबले के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।

बेल्जियम की जीत में एलेक्जेंडर हेंडरिक्स की बेहद अहम भूमिका रही जिन्होंने तीन गोल दागे। हेंडरिक्स इस ओलंपिक में अब तक 14 गोल कर चुके हैं। वहीं, भारत की ओर से सेमीफाइनल में हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह ने एक-एक गोल किया। इस तरह चार दशक बाद ओलंपिक का फाइनल खेलने का भारतीय सपना टूट गया। 

भारतीय पुरुष टीम 49 साल बाद ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंची थी। बहरहाल अब टीम से कांस्य पदक की उम्मीद है। भारतीय टीम अब कांस्य पदक के लिए ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में पराजित होने वाली टीम से खेलेगी।

भारत-बेल्जियम के बीच कड़ा मुकाबला

सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले ही क्वॉर्टर में दोनों टीमों की ओर से गोल हुए। मैच के शुरू होते ही दूसरे मिनट में मिले एक पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए बेल्जियम ने गोल का खाता खोला। हालांकि उसकी ये बढ़त ज्यादा देर तर नहीं रही।

भारत ने जवाबी हमला करते हुए 7वें मिनट में वीडियो रेफरल की मांग की और उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला। भारत के हरमनप्रीत सिंह ने इस पर गोल कर टीम को बराबरी दिला दी। भारतीय टीम यहीं नहीं रूकी और अगले ही मिनट मनदीप ने गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

दूसरे क्वॉर्टर में बेल्जियम ने की बराबरी

भारत पहले 15 मिनट के खेल के बाद 2-1 से आगे था। हालांकि दूसरे क्वॉर्टर और खेल के 19वें मिनट में बेल्जियम को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला इस बार एलेक्जेंडर हेंडरिक्स ने गोल दाग स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। तीसरे क्वॉर्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी।

हालांकि चौथे क्वॉर्टर में बेल्जियम ने अपना दबदबा मैच पर पूरी तरह से कायम कर लिया। बेल्जियम को 49वें मिनट में एक के बाद एक तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और हेंडरिक्स ने गोल कर यहां अपनी टीम के 3-2 से आगे कर दिया। इसके बाद खेल के 52 और 53वें मिनट में बेल्जियम को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय खिलाड़ी यहां गोल के खतरे को टालने में कामयाब रहे। 

हालांकि, इसी दौरान 53वें मिनट में एक वीडियो रेफरल के बाद बेल्जियम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और एक बार फिर हेंडरिक्स ने गोल कर टीम को 4-2 से आगे कर दिया। इसके बाद आखिरी मिनटों में भारत ने गोलकीपर के बगैर खेलने का फैसला किया और इसका फायदा उठाते हुए 60वें मिनट में बेल्जियम की ओर से जॉन जॉन डोहमेन ने गोल कर 5-2 की जीत पक्की कर दी। 

बता दें ओलंपिक खेलों के इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के नाम आठ स्वर्ण पदक हैं। भारत ने हॉकी का आखिरी पदक 1980 मॉस्को खेलों में जीता था। 

Web Title: Tokyo Olympics 2020 Belgium beat India in men hockey semifinal by 5-2

हॉकी से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे