हैपी बर्थडे धनराज पिल्लै: जिसने हॉकी को भारत में दिलाई खोई हुई चमक, उस महान खिलाड़ी से जुड़ी 10 रोचक बातें

By अभिषेक पाण्डेय | Published: July 16, 2018 06:09 AM2018-07-16T06:09:05+5:302018-07-16T06:09:05+5:30

Dhanraj Pillay: महान भारतीय हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं

Happy Birthday Dhanraj Pillay, 10 interesting facts about hockey magician | हैपी बर्थडे धनराज पिल्लै: जिसने हॉकी को भारत में दिलाई खोई हुई चमक, उस महान खिलाड़ी से जुड़ी 10 रोचक बातें

धनराज पिल्लै

वह जिस तेजी से गेंद को ड्रिबलिंग करते थे उससे वह दुनिया की किसी भी रक्षापंक्ति को भेद पाने में सक्षम थे। उनसे बेहतरीन ड्रिबलिंग करने वाले हॉकी खिलाड़ी भारत में शायद ही कोई और हुआ हो। उस खिलाड़ी का जज्बा ऐसा था कि बचपन में उनके पास एक हॉकी स्टिक खरीदने तक के पैसे नहीं थे लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और भारत के सबसे बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी के तौर पर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। 

इस महान खिलाड़ी का नाम है धनराज पिल्लै, जिनका जन्म 16 जुलाई 1968 को हुआ था। धनराज आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपनी चमक खो चुके खेल को अपने बेहतरीन खेल से दोबारा लोगों की जुबान तक लाने वाले धनराज पिल्लै को आधुनिक हॉकी के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक गिना जाता है। आइए जानें इस महान खिलाड़ी से जुड़ी 10 रोचक बातें।

1. धनराज पिल्लै का जन्म 16 जुलाई 1968 को पुणे के खड़की में हुआ था। धनराज का बचपन अभावों में गुजरा। वह अपने माता-पिता के चौथे बेटे थे।  उनका परिवार मूलतः तमिलनाडु से आता है इसलिए वह महाराष्ट्र में रहने के बावजूद तमिल भी बोल लेते हैं। उनका बचपन ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की स्टाफ कॉलोनी बीता क्योंकि उनके पिता वहां ग्राउंड्समैन का काम करते थे।

2.बचपन में उनके पास हॉकी स्टिक खरीदने तक के पैसे नहीं हुआ करते थे। वह कॉलोनी में टूटी हुई हॉकी स्टिक और पुरानी हॉकी की गेंदों से खेला करते थे। उनका नाम धनराज इसलिए पड़ा क्योंकि उनके माता-पिता को लगता था कि इस नाम से उनकी किस्मत बदलेगी और उनके घर में पैसे आने लगेंगे। बाद में ये बात सच साबित हुई और वह भारत के बड़े हॉकी स्टार बने। 

3.धनराज अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी मां को देते हैं जो तमाम अभावों के बावजूद अपने बच्चों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करती रहती थीं। बहुत कम लोगों को पता होगा कि धनराज के बड़े भाई रमेश भी अच्छे हॉकी खिलाड़ी रहे हैं और वह भारत के लिए कई इंटरनेशनल मैच भी खेले। 

4.धनराज ने भारत के लिए अपना डेब्यू 1989 में दिल्ली में हुए एशिया कप के दौरान किया। वह भारत के लिए 1989 से 2004 तक खेले और 15 सालों के अपने इंटरनेशनल करियर में 339 मैचों में 170 गोल दागे।

5.धनराज पिल्लै चार ओलंपिक (1992, 1996, 2000, और 2004), चार वर्ल्ड कप (1990, 1994, 1998, और 2002), चार चैंपियंस ट्रॉफी (1995, 1996, 2002, 2003), और चार एशियाई खेलों (1990, 1994, 1998, और 2002) में हिस्सा लेने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं। वह 1994 के वर्ल्ड कप के दौरान वर्ल्ड इलेवन में जगह पाने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। 

6. धनराज पिल्लै ने भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी भी की और भारत ने उनकी कप्तानी में 1998 का एशियन गेम्स और 2003 का एशिया कप जीता।

7.भारत के अलावा धनराज पिल्लै कई विदेशी क्लबों के लिए भी खेले. जिनमें इंडियन जिमखाना (लंदन), एचसी ल्योन (फ्रांस), बीएसएन एचसी ऐंड टेलीकॉम मलेशिय एचसी (मलेशिया), अभानी लिमिटेड, एचटीसी स्टटगार्ट किकर्स (जर्मनी) और खालसा स्पोर्ट्स क्लब (हॉन्गकॉन्ग) शामिल हैं। साथ ही वह प्रीमियर हॉकी लीग के दो सीजन में मराठा वॉरियर्स के लिए खेले।

8. धनराज को 1995 में अर्जुन पुरस्कार, 1999 में खेल रत्न, 1998 में केके बिड़ला फाउंडेशन पुरस्कार और 2001 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया। 2002 चैंपियंस ट्रॉफी में उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
  
9.धनराज पिल्लै का नाम कई बार विवादों में भी रहा। पिल्लै ने कई बार कम मैच फीस और समय पर उसका भुगतान न किए जाने की वजह से हॉकी मैनेजमेंट की आलोचना की। इसकी वजह से उन्हें 1998 के बैंकॉक एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बावजूद अगली सीरीज से आराम देने के नाम पर बाहर कर दिया गया। इतना ही नहीं 2004 के एथेंस ओलंपिक में उन्हें अंतिम-11 में उतारकर भी पूरे 70 मिनट भी नहीं खेलने दिया गया।

10. धनराज ने 2014 में आम आदमी पार्टी से जुड़कर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया। वह मुंबई में अपनी हॉकी अकादमी खोलने के लिए प्रयासरत हैं लेकिन मुंबई हॉकी असोसिएशन ट्रेनिंग के लिए उन्हें अपने एस्ट्रोटर्फ की सुविधा की इजाजत नहीं दे रही है और इसलिए ये प्रोजेक्ट सालों से अटका पड़ा है।

Web Title: Happy Birthday Dhanraj Pillay, 10 interesting facts about hockey magician

हॉकी से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे