लकड़ी, कांच, स्टील, लोहे, प्लास्टिक, पैसों पर कितने घंटे रहता है कोरोना वायरस, किन-किन चीजों की सफाई जरूरी ?
By उस्मान | Updated: March 16, 2020 11:26 IST2020-03-16T10:18:44+5:302020-03-16T11:26:46+5:30
Coronavirus: क्या कोरोना वायरस मोबाइल, पैसों और बालों पर भी रहता है क्या ?

लकड़ी, कांच, स्टील, लोहे, प्लास्टिक, पैसों पर कितने घंटे रहता है कोरोना वायरस, किन-किन चीजों की सफाई जरूरी ?
चीन के घातक कोरोना वायरस से दुनियाभर में अब तक 6,518 लोगों की मौत हो गई है। इससे अब तक 169,610 लोग प्रभावित हुए हैं और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। इससे चीन में सबसे ज्यादा 3,213 मौत हुईं। इसके बाद 1,809 और ईरान में 724 लोगों की जान गई। कोरोना वायरस की वजह से भारत में भी दो लोगों की मौत हुई है और यहां संक्रमित लोगों की कुल संख्या 110 हो गई है।
दुर्भाग्यवश कोरोना वायरस का अभी तक कोई इलाज नहीं है लेकिन डॉक्टर इसका इलाज खोजने में जुटे हैं। यही वजह है कि इससे बचाव जरूरी है। कोरोना वायरस का अध्ययन कर रहे अनुसंधानकर्ताओं को पता चला है कि व्यक्ति से व्यक्ति में संक्रमण फैलने में एक हफ्ते से कम का वक्त लगता है और करीब 10 प्रतिशत मरीजों में यह संक्रमण वायरस से प्रभावित ऐसे व्यक्ति से फैलता है जिसमें अब तक लक्षण नजर आने शुरू भी नहीं हुए हैं।
कोरोना वायरस कैसे फैलता है ?
आमतौर पर कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। इसके अलावा खुली हवा में खांसने या छींकने से, संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने या गले लगने से, किसी संक्रमित वस्तु या सतह को छूने से।
प्लास्टिक और स्टील कितने दिन रहता है कोरोना वायरस ?
सीएनएन पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वायरस प्लास्टिक और स्टील जैसी सतहों पर तीन दिनों तक जीवित रह सकता है। इसका मतलब यह हुआ कि इन तीन दिनों में अगर किसी व्यक्ति ने संक्रमित सतहों को किसी तरह छू लिया तो वो कोरोना की चपेट में आ सकता है। इसे लेकर यूसीएलए और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के शोधकर्ताओं ने एक अध्ययन किया है।
इस तरह शरीर में घुसता है कोरोना वायरस
अब सवाल यह है कि क्या सिर्फ सतह को छूने से संक्रमण फैल सकता है, तो वैज्ञानिकों ने पाया कि संक्रमित सतह को छूने के बाद अगर व्यक्ति अपने चेहरे, आंख और नाक को छूता है, तो वायरस उसके शरीर में प्रवेश करके उसके फेफड़ों में जमा हो सकता है। एक बार जब यह फेफड़ों में पहुंच जाता है, तो इससे बचना मुश्किल हो जाता है।
लकड़ी, कांच पर कितने दिन रहता है कोरोना वायरस ?
बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक दूसरा अध्ययन जर्नल ऑफ हॉस्पिटल इन्फेक्शन में प्रकाशित हुआ है। इसमें बताया गया है कि कोरोना वायरस 20 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर स्टील पर दो दिनों तक, लकड़ी और कांच पर चार दिनों तक, मेटल यानी धातु पर पांच दिनों तक, प्लास्टिक और चीनी मिट्टी की चीजों पर पांच दिनों तक रह सकता है।
ठंडे कमरे में कितने दिन रहता है कोरोना वायरस ?
शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि मौत का यह वायरस एक ठंडे कमरे में किसी प्लास्टिक की सतह पर नौ दिनों तक रह सकता है। यह वायरस एल्यूमीनियम पर दो घंटे और लेटेक्स पर आठ घंटे से कम रहता है।
क्या पैसों, बालों और कपड़ों मसे फैल सकता है कोरोना वायरस ?
शोधकर्ताओं ने माना है कि पैसे, बाल, और कपड़े जैसे हवा पास होने वाली चीजों पर वायरस लंबे समय तक जीवित नहीं रहता है क्योंकि ऐसी चीजों में रिक्त स्थान या छेद सूक्ष्म जीव को फंसा सकते हैं और इसे प्रसारित होने से रोक सकते हैं।

