यूपी के बीजेपी नेता के बेटे ने मां की गोलियों से भूनकर की हत्या, वजह जान आपको भी होगी हैरानी
By पल्लवी कुमारी | Published: March 25, 2018 02:10 AM2018-03-25T02:10:39+5:302018-03-25T02:13:03+5:30
घटना यूपी बिजनौर की है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
लखनऊ, 25 मार्च; उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बीजेपी नेता के बेटे ने अपनी मां की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी है। घटना शनिवार 24 मार्च का है। आरोपी का नाम विवेक कुमार है। विवेक अपनी मां की हत्या करने के बाद घर से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने आरोपी विवेक को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी की बात को लेकर मां से था विवाद
बिजनौर पुलिस के मुताबिक हत्या घर में किसी बात को लेकर तनाव की वजह से हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी साफतौर पर कुछ नहीं कहा है। दरअसल हाल ही में 12 मार्च को विवेक की शादी हुई थी। शादी की किसी बात को लेकर ही विवेक की मां से अनबन हो रही थी।
पिता की लाइसेंसी बंदूक से हत्या
पुलिस के अनुसार शादी के विवाद को लेकर ही विवेक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से मां सुमन देवी की हत्या कर दी। सुमन देवी की उम्र 55 साल की थी। विवेक ने मां पर एक नहीं बल्कि ताबड़तोड़ कई गोलियां चला दी। जिससे मौके पर ही सुमन देवी की मौत हो गई।
हिंदू युवा वाहिनी का ब्लॉक अध्यक्ष है आरोपी
स्थानीय लोगों ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि पुलिस को वहां से छह खोखे बरामद हुए थे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मृतका के शरीर पर दो ही गोलियों के निशान हैं। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो जाएगा कि कितनी गोलियां लगी हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि विवेक हिंदू युवा वाहिनी का ब्लॉक अध्यक्ष भी था।
शादी के बाद घर में था तनाव का माहौल
स्थानीय लोगों के मुताबिक विवेक अपनी शादी से नाखुश था। जिसको लेकर अक्सर उसके घर में तनाव का माहौल बना रहता था। लेकिन परिवाल वालों का कहना है कि शादी को लेकर ऐसी कोई बात नहीं है। शादी काफी अच्छे से हुई थी।
बिजनौर विधायक के पीआरओ हैं आरोपी के पिता
पुलिस के मुताबिक आरोपी विवेक कुमार के पिता नरेश कुमार बीजेपी के नेता हैं। नरेश कुमार बिजनौर की हल्दौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओमकुमार के पीआरओ हैं। नरेश कुमार र हल्दौर गन्ना सोसायटी के चेयरमैन भी हैं। जिस बंदूक से आरोपी विवेक ने हत्या की वह नरेश कुमार के ही नाम पर है।