एक अंडरवियर के पीछे दो दोस्तों में बवाल, चाकू मारकर कर दी हत्या, मामला जान पुलिस भी हैरान
By अमित कुमार | Published: February 27, 2021 02:04 PM2021-02-27T14:04:24+5:302021-02-27T14:04:24+5:30
छोटी सी तकरार पर आपा खोकर एक लड़के ने अपने दोस्त की जान ले ली। पुलिस लड़के की तलाश में जुट गई है।
समाज में क्राइम का ग्राफ बढ़ने के साथ-साथ लोगों में अब शहनशीलता का अभाव भी नजर आ रहा है। छोटी-छोटी बातों को लेकर लोगों की हत्याएं हो रही हैं। आपसी रंजिश व छोटी-छोटी बातों पर हुई कहासुनी में कुछ लोग मर्डर जैसे क्राइम को अंजाम देने देते हैं। ताजा मामला कानपुर देहात के एक फैक्ट्री परिसर का है। जहां एक व्यक्ति की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने दोस्त का अंडरवियर चुरा लिया था।
जी हां, सुनने में ये थोड़ा अजीब जरूर लग रहा होगा। लेकिन यह सच है, पुलिस के मुताबिक अजय नामक शख्स ने अपने दोस्त विवेक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसे चोरी छिपे उसका अंडरवियर पहन लिया था। विवेक और अजय एक ही कमरे में रहते थे। जब अजय ने विवेक को अपना अंडरवियर पहने देखा तो वह गुस्से में आग बबूला हो गया और दोनों के बीच जोरदार बहस होने लगी।
अकबरपुर के सर्कल ऑफिसर संदीप सिंह ने कहा कि सहकर्मियों ने बताया कि अजय की इस मुद्दे पर विवेक के साथ तीखी बहस हुई। इसके बाद अजय ने सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और विवेक को बार-बार चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अजय फिर वहां से भाग गया। आस-पास के लोगों ने विवेक को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अजय की तलाश कर रही है।