नाबालिग छात्रा से बीबीए और बीटेक के चार लड़कों ने किया गैंगरेप, पुलिस निरीक्षक का बेटा भी हैवानियत में शामिल
By भाषा | Published: December 27, 2018 07:42 PM2018-12-27T19:42:29+5:302018-12-27T19:42:29+5:30
पुलिस ने चारों छात्रों को गिरफतार कर जेल भेज दिया है। घटना उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक नाबालिग छात्रा से बीबीए और बीटेक के चार छात्रों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार करने का एक मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस सिलसिले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों ने 11 वीं की छात्रा को दो दिन पहले बंधक बना कर रखा और बाद में उसे बाबूपुरवा पुलिस थाना के पास अचेत अवस्था में छोड़ कर भाग गए।
पुलिस अधीक्षक :पश्चिम: संजीव सुमन ने बताया कि छात्रा खरीददारी के लिये गयी थी। वहां उसे एक पुलिस निरीक्षक का बेटा अनुराग यादव मिला, जो उसे एक अपार्टमेंट में ले गया।
पुलिस के मुताबिक लड़की ने आरोप लगाया है कि उसे चार घंटे तक बंधक बनाये रखा गया और उसके साथ चार युवकों ने बलात्कार किया। लड़की के पिता उप्र पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है। उन्होंने अनुराग यादव, जैकी, शुभम यादव और अभिषेक के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया है। अभिषेक बीबीए का छात्र है जबकि तीन अन्य बीटेक के छात्र हैं।
पुलिस ने चारों छात्रों को गिरफतार कर जेल भेज दिया है ।