Swiss Woman Killed: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 20 अक्टूबर को उस वक्त सनसनी फैल गई जब हाथ पैर से बंधी हुई एक विदेशी महिला की लाश एमसीडी स्कूल की दीवार के पास मिली। हालांकि,दिल्ली पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच से विदेशी महिला नीना बर्गर(36) की हत्या के पीछे छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी जनकपुरी इलाके से हुई है। गुरप्रीत से दिल्ली पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह महिला से शादी करना चाहता था। लेकिन उसने शादी करने से इंकार कर दिया।
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी विदेशी महिला से मुलाकात सोशल मीडिया नेटवर्किंग वेबसाइट पर हुई थी। उसने महिला को मिलने के लिए स्विट्जरलैंड से भारत आने के लिए कहा। विदेशी महिला जब भारत आई तो उसने उसके हाथ पैर बांध दिए और कहने लगा कि वह उसे सरप्राइज देगा। इस बीच मौका पाकर आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस को आरोपी ने बताया कि वह महिला से प्यार करता था और शादी करना चाहता था। लेकिन महिला ने शादी करने से इंकार कर दिया। आरोपी को महिला के दुसरे पुरुषों के साथ संबंध होने का शक भी था। प्यार में धोखा खाया आशिक क्या न करता। उसने विदेशी महिला की हत्या करने की साजिश रच डाली।
अंग्रेजी दैनिक द टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने देह व्यापार में शामिल एक महिला की आधार आईडी का उपयोग करके स्विस नागरिक के शव को तिलक नगर इलाके में फेंकने के लिए इस्तेमाल की गई कार खरीदी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब महिला आरोपी को मसाज देने के लिए उसके पास गई थी तो उस व्यक्ति ने उसका आधार कार्ड ले लिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया, कार के पंजीकरण नंबर की पहचान की और आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया।
साथ ही, उस शख्स ने वह नंबर भी बंद कर दिया था, जिसका इस्तेमाल उसने कार खरीदने के लिए किया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया और उसके दूसरे नंबर का पता लगाया।