गुड़गांव में पीएचडी धारक ने पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या की, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
By भाषा | Updated: July 2, 2019 06:11 IST2019-07-02T06:11:34+5:302019-07-02T06:11:34+5:30
55 वर्षीय पीएचडी धारक प्रकाश सिंह अपने घर पर छत के पंखे से लटका मिला। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था, ‘‘वह अपने परिवार को संभालने में सक्षम नहीं है और वह अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार है।’’

Demo Pic
हैदराबाद स्थित एक फार्मा कंपनी के एक वरिष्ठ कर्मचारी ने यहां उप्पल साउथएंड स्थित अपने घर में अपनी पत्नी और दो बच्चों की कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार रात को हुई।
55 वर्षीय पीएचडी धारक प्रकाश सिंह अपने घर पर छत के पंखे से लटका मिला। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था, ‘‘वह अपने परिवार को संभालने में सक्षम नहीं है और वह अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार है।’’
गुड़गांव में एक स्कूल चलाने वाली उनकी पत्नी सोनू सिंह (50), बेटी अदिति (22) और बेटा आदित्य (13) मृत पाए गए, जिनके शरीर पर कई जख्म थे। स्थानीय लोगों ने सोमवार को पुलिस को इस मामले की सूचना उस समय दी जब उन्होंने सुबह से परिवार को बाहर निकलते नहीं देखा। सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) अमन यादव ने बताया, ‘‘पुलिस नियंत्रण कक्ष को सुबह 9 बजे पड़ोसियों का फोन आया। हमारी टीम उप्पल साउथेंड पहुंची और प्रकाश के घर का मुख्य प्रवेश द्वार अंदर से बंद पाया।’’
उन्होंने बताया, ‘‘दरवाजे को बल प्रयोग कर खोला गया। प्रकाश का शव ड्राइंग रूम में छत के पंखे से लटका हुआ मिला, जबकि आदित्य और सोनू के शव फर्श पर पड़े मिले। अदिति का शव एक बिस्तर पर पाया गया। भीतर की दीवारों पर खून के कई निशान थे।’’
अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल एक हथौड़ा और चार बड़े चाकू बरामद किए गए। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना को देखकर ऐसा लगता है कि प्रकाश ने शायद एक अपराध शो से प्रेरित होकर हमले की योजना बनाई थी।
अधिकारी ने इस घिनौने अपराध का विवरण देते हुए बताया, ‘‘प्रकाश ने पहले अपने परिवार पर हथौड़े से हमला किया और बाद में उन्हें चाकू मार दिया।’’ पीड़ितों के रिश्तेदारों ने दावा किया है कि परिवार को कोई वित्तीय परेशानी नहीं थी। परिवार शांति से रह रहा था। पहले कभी कोई झगड़ा या घरेलू हिंसा की खबर नहीं मिली थी। वह हैदराबाद स्थित रासायनिक कारखाना में काम कर रहा था। वह पिछले आठ साल से गुड़गांव में रह रहा था। प्रकाश उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।