Kottayam:केरल के कोट्टायम में एक होटल के कमरे में एक युवक और एक युवती के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि युवक और युवती के परिवार उनके विवाह के लिए कथित तौर पर राजी नहीं थे, इसलिए उन्होंने आत्महत्या की। इसने बताया कि मृतकों की पहचान पुथुपल्ली निवासी नंदकुमार आरपीसी (22) और परुम्बाइकडु की वरिसेरी निवासी आसिया थानम्मा (19) के रूप में हुई है। दोनों शुक्रवार शाम को कोट्टायम में शास्त्री रोड स्थित कमरे में फंदे पर लटके मिले।
कोट्टायम पश्चिम थाने के अधिकारियों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने बताया कि उन्होंने अपने परिजनों को अपने प्रेम संबंध और विवाह की योजना के बारे में बताया था लेकिन दोनों परिवार इसके लिए कथित तौर पर राजी नहीं थे। इसने कहा कि दोनों ने बृहस्पतिवार को होटल में कमरा बुक कराया था।
लेकिन ‘चेकआउट’ (होटल का कमरा खाली करने का) समय के बाद भी जब उन्होंने कमरा खाली नहीं किया तो होटलकर्मियों ने शुक्रवार को दरवाजा तोड़ा, जहां दोनों मृत मिले। पुलिस ने बताया कि कमरे से एक ‘सुसाइड नोट’ मिला है जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनके परिवारों द्वारा उनकी शादी को मंजूरी न दिए जाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले आसिया के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद गांधी नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
शाहजहांपुर में किशोर की सिर पर प्रहार कर हत्या
शाहजहांपुर जिले में एक किशोर के सिर पर कथित रूप से किसी भारी वस्तु से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के रावतपुर गांव निवासी कमलेश कुमार (17) का शव शनिवार सुबह उसके घर से करीब 200 मीटर दूर पंचायत भवन के पास मिला।
उन्होंने बताया कि किशोर के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। एसपी ने बताया कि वह स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, किशोर एक ईंट भट्ठे पर काम करता था।
शुक्रवार शाम काम से वापस आने के बाद अपने कमरे में चला गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह उसका शव पंचायत भवन के पास पाया गया। द्विवेदी ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।