Hazaribagh: एल्युमिनियम फैक्ट्री में धमाका, गया के रहने वाले रणजीत ठाकुर और सुखदेव साव की मौत
By एस पी सिन्हा | Published: September 22, 2023 06:20 PM2023-09-22T18:20:54+5:302023-09-22T18:22:26+5:30
Hazaribagh: हादसे में मौत के शिकार हुए दोनों मजदूरों की पहचान बिहार के गया जिले के रहने वाले रणजीत ठाकुर और सुखदेव साव के रूप में हुई है।

file photo
रांचीः झारखंड में हजारीबाग जिले के दामोदीह स्थित एल्युमिनियम फैक्ट्री में हुए बड़े धमाके में दो मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। भट्ठी में स्क्रैप गलाया जा रहा था तभी यह हादसा हुआ और अचानक भट्ठी में धमाका हो गया।
हादसे में मौत के शिकार हुए दोनों मजदूरों की पहचान बिहार के गया जिले के रहने वाले रणजीत ठाकुर और सुखदेव साव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हर दिन की तरह फैक्ट्री में काम चल रहा था। फैक्ट्री में एल्युमिनियम के बर्तन और दूसरे सामान तैयार करने के लिए कंपनी की भट्ठी में स्क्रैप गलाया जा रहा था, तभी जोरदार धमाका हो गया।
जिससे वहां काम कर रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि वहां मौजूद दो अन्य महिला मजदूर भी बेहोश हो गईं हालांकि दोनों अब ठीक बताई जा रही हैं। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे।
गनीमत की बात रही कि वे धमाके के चपेट में नहीं आए और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और धमाके की वजह को तलाश कर रही है। फिलहाल फैक्ट्री को सील कर दिया गया है।