ट्यूशन पढ़ने गई 12 साल की बच्ची का दंपति ने गला घोंटकर की हत्या, गिरफ्तारी के बाद हुआ मामले का खुलासा
By भाषा | Published: October 31, 2018 10:55 PM2018-10-31T22:55:39+5:302018-10-31T22:55:39+5:30
घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके का है। 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मृतका बच्ची ट्यूशन पढ़ने गई लेकिन वापस ही नहीं लौटी। जिसके बाद परिजनों ने घटना की शिकायत दर्ज करवाई।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके से एक दंपति को लड़की की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने और फिर उसका शव उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में ठिकाने लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि लड़की 11-12 वर्ष की थी जो अपनी पड़ोसन रूकसार (32) के यहां ट्यूशन पढ़ने जाती थी और उसकी घरेलू कामों में मदद भी करती थी।
उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वह ट्यूशन पढ़ने गई लेकिन लौटी नहीं। पुलिस ने बताया कि 22 अक्टूबर को रूकसार के घर में लड़की ऊपर वाली शेल्फ से कुछ उतारने की कोशिश कर रही थी लेकिन वह फिसल गई, जिससे उसके सिर पर चोट लग गई और वह रोने लगी।
उन्होंने बताया कि उसके रोने से चिढे़ रूकसार के पति रजब ने बच्ची को जोर से थप्पड़ मार दिया और वह बेहोश हो गई। रजब को डर था कि होश में आने के बाद वह सबको घटना के बारे में बता देगी, इसलिए दंपति ने उसे कैद में रखा और 27 अक्टूबर को गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि लड़की की हत्या करने के बाद रजब ने उसका शव यमुना जैव विविधता पार्क के पास सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि बुधवार को गहन पूछताछ के दौरान दोनों ने आरोप स्वीकार कर लिया।