बिहार: बेगूसराय की तर्ज पर बेतिया में अपराधियों ने की आंधाधुंध गोलीबारी, चार लोग हुए जख्मी
By एस पी सिन्हा | Published: October 13, 2022 02:28 PM2022-10-13T14:28:34+5:302022-10-13T14:30:27+5:30
पश्चिम चंपारण जिले के मुख्यालय बेतिया से 20 किलोमीटर दूर योगापट्टी थाना इलाके के गोलाघाट डुमरी अहिरौली में बेगूसराय गोलीकांड की तर्ज पर अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है।
पटना: बिहार में एक बार फिर अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। पश्चिम चंपारण जिले के मुख्यालय बेतिया से 20 किलोमीटर दूर योगापट्टी थाना इलाके के गोलाघाट डुमरी अहिरौली गांव में बेगूसराय की गोलीकांड से मिलती-जुलती घटना में गुरुवार सुबह चार लोग जख्मी हो गए। वारदात योग्गापट्टी थाने के डुमरी गांव की है। घटना के बाद लोगों में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। अपराधियो के द्वारा की गई गोलीबारी में वार्ड सदस्य सहित चार लोग जख्मी हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने एक अपराधी को पिस्टल सहित पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। योगापट्टी पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। घायलों में डुमरी पंचायत के वार्ड सदस्य राजा बाबू पटेल, उनके भाई विजय कुमार पटेल, ग्रामीण सुधन मांझी व रुस्तम मियां जख्मी हुए हैं। राजा बाबू पटेल को गले मे गोली लगी है।
अस्पताल में राजा बाबू पटेल ने बताया कि वे अपने भाइयों के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक से एक अपराधी आया। उसने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। अपराधी ने उनको निशाना बना फायरिंग कर दी। गोली उनके गले में लग गई। इसे देख लोग उसे पकड़ने दौड़े तो अपराधी ने ग्रामीणों पर भी तीन फायरिंग की। इससे अन्य लोगों को भी गोली लग गई।
एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि इस घटना में चार लोग गोलीबारी के शिकार हुए हैं। गोलीबारी की सूचना मिलते ही बेतिया पुलिस सक्रिय हुई और सदर डीएसपी मुकुल पांडेय समेत करीब आधा दर्जन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पकड में आये अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य अपराधियों की तलाश में छपेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।