19 साल के पुरुष मॉडल का ठाणे में हुआ गैंगरेप, पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार
By अनुराग आनंद | Published: January 9, 2021 09:16 AM2021-01-09T09:16:14+5:302021-01-09T09:18:24+5:30
आरोपियों ने पहले पीड़ित के साथ लूटपाट की और इसके बाद आरोपी पीड़ित को एक बंद पड़ी फैक्ट्री की चत पर साथ ले गए। यहां आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
मुंबई: गुजरात के एक 19 वर्षीय पुरुष मॉडल से रेप करने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित द्वारा इस मामले में शिकायत दिए जाने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 3 लोगों को मौके पर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में बताया कि आरोपियों ने पहले पीड़ित के साथ लूटपाट की और इसके बाद आरोपी पीड़ित को एक बंद पड़ी फैक्ट्री की चत पर साथ ले गए। यहां पर चार आरोपियों ने मिलकर पुरुष मॉडल के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया।
यही नहीं मौके पर मौजूद चौथे शख्स ने पूरे घटना का वीडियो भी बनाया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को इस बारे में किसी को कहीं भी नहीं बताने की बात कहते हुए वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में चौथी आरोपी की तालाश की जा रही है।
एक साल पहले नवी मुंबई में 5 आरोपियों ने मिलकर एक पुरुष का किया था रेप-
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है, जब मुंबई में किसी पुरुष का रेप किया गया हो। इससे पहले भी सितंबर 2019 में एक बेहद खौफनाक मामला मुबई से सामने आया था। तब मुंबई के वाशी में पांच अज्ञात लोगों ने 36 वर्षीय एक व्यक्ति के साथ यौन उत्पीड़न कर उसके साथ बर्बरता की थी, जिसके बाद उसकी जान बचाने के लिए आपात ऑपरेशन करना पड़ा था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि घटना शाम के समय सेक्टर आठ में एक सुनसान जगह पर हुई थी। द वायर के अनुसार, वाशी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया था कि यह घटना उस दौरान हुई जब वह शख्स घर वापस लौटने के दौरान रास्ते में सिगरेट लेने के लिए रुका था।
इसी दौरान पांचों आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया था। वाशी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि पीड़ित जब बेहोश होने लगा तब आरोपी वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि माना जा रहा है कि आरोपी 25 से 30 साल की उम्र के थे।