Women's Asia Cup: भारतीय महिला टीम 6 बार रही है चैम्पियन, दो बार फाइनल में पाकिस्तान को हराया

महिला एशिया कप-2022 (Women's Asia Cup-2022) की शुरुआत एक अक्टूबर से हो रही है। भारतीय महिला टीम का हमेशा से इस टूर्नामेंट पर दबदबा रहा है। भारतीय टीम ने सात में छह बार ये खिताब अपने नाम किया है।

By विनीत कुमार | Published: September 28, 2022 01:01 PM2022-09-28T13:01:48+5:302022-09-28T13:01:48+5:30

Women's T20 Asia Cup history and winners list, India leads with six titles | Women's Asia Cup: भारतीय महिला टीम 6 बार रही है चैम्पियन, दो बार फाइनल में पाकिस्तान को हराया

महिला एशिया कप पर रहा है भारतीय टीम का दबदबा (फाइल फोटो)

googleNewsNext
Highlightsबांग्लादेश में एक अक्टूबर से महिला एशिया कप-2022 का आगाज, 7 टीमें ले रही हैं हिस्सा।भारतीय टीम सात अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी, फाइनल 15 अक्टूबर को होगा।महिला एशिया कप में भारत सात में से छह बार खिताब जीतने में सफल रहा है, दो बार फाइनल में पाकिस्तान पर जीत।

ढाका: महिला एशिया कप-2022 का आगाज एक अक्टूबर से बांग्लादेश में होने जा रहा है। 15 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में सात टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट राउंड रॉबिन आधार पर खेला जायेगा जिसमें शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिये क्वॉलीफाई करेंगी। इसमें भाग लेने वाली टीमें भारत, पाकिस्तान, मेजबान बांग्लादेश, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), थाईलैंड और मलेशिया हैं। 

भारत अपने अभियान की शुरूआत श्रीलंका के खिलाफ करेगा। फिर भारतीय टीम तीन अक्टूबर को मलेशिया और चार अक्टूबर को यूएई से भिड़ेगी। टीम इसके बाद सात अक्टूबर को पाकिस्तान के सामने होगी। 

भारत राउंड रॉबिन मैच में आठ अक्टूबर को बांग्लादेश और 10 अक्टूबर को थाईलैंड से खेलेगा। टूर्नामेंट का फाइनल 15 अक्टूबर को होगा। भारत के लिए अच्छी बात ये है कि महिला एशिया कप में उसका हमेशा से वर्चस्व रहा है। साल 2004 से अब तक 7 बार हुए महिला एशिया कप में छह बार खिताब भारतीय महिला टीम ने जीते हैं।

2012 से टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है महिला एशिया कप

महिला एशिया कप की शुरुआत 2004 में हुई थी। इसे मिलाकर 2008 तब सभी टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेले गए थे। इसके बाद महिला एशिया कप का आयोजन 2012 में हुआ और तब से ये टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है। लगातार छह बार महिला एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम पिछली बार 2018 में चूक गई थी और फाइनल में बांग्लादेश से हारी थी।

वनडे प्रारूप में आयोजित पहला महिला एशिया कप 2004 में श्रीलंका में हुआ था। इस संस्करण में केवल दो टीमें भारत और श्रीलंका ने भाग लिया था। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड और कैंडी क्रिकेट क्लब में तब इस टूर्नामेंट के तहत पांच एकदिवसीय मैच खेले गए थे। भारत इसमें 5-0 से विजयी रहा था।

2005-06 में पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट से जुड़ी

पहले संस्करण के बाद दूसरा संस्करण 2005-06 में आयोजित हुआ था। इसका आयोजन भी पाकिस्तान में हुआ था। भारत ने तब कराची में फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब पर कब्जा किया। इसके बाद साल 2006 में भारत ने एक बार फिर श्रीलंका को फाइनल में हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। साल 2008 में बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से जुड़ी पर भारत की जीत का सिलसिला जारी रहा। इस बार भी भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर चौथी बार खिताब जीता।

2012 में चीन ने की एशिया कप की मेजबानी

इसके बाद करीब चार साल के ब्रेक के बाद 2012 में महिला एशिया कप का आयोजन हुआ। मेजबानी चीन ने की। इसमें आठ टीमों ने हिस्सा लिया। नई टीमों में चीन, हांगकांग, नेपाल और थाईलैंड शामिल थीं। यह पहला मौका भी था जब महिला एशिया कप टी20 फॉर्मेट में आयोजित किया गया। भारत ने इस बार फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पांचवीं बार खिताब पर कब्जा किया। भारत ने फाइनल में तब केवल 81 रन बनाए थे पर पाकिस्तान टीम 63 पर सिमट गई।

साल 2016 में थाईलैंड ने महिला एशिया कप की मेजबानी की और भारत ने एक बार फिर फाइनल में पाकिस्तान को हराया। वहीं, 2018 में कुआलालंपुर में हुए आखिरी महिला एशिया कप के फाइनल में भारत को बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा।
 

Open in app