टी20 वर्ल्ड कप के बीच श्रीलंकाई क्रिकेटर सिडनी में गिरफ्तार, 29 साल की महिला के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बल्लेबाज दानुश्का गुणातिलका को सिडनी में गिरफ्तार किया गया है। ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने एक महिला के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में श्रीलंकाई खिलाड़ी को गिरफ्तार किया है।

By विनीत कुमार | Published: November 6, 2022 08:30 AM2022-11-06T08:30:55+5:302022-11-06T09:31:17+5:30

t20 World cup Sri lanka cricketer Danushka Gunathilaka charged for alleged sexual assault arrested in Sydney | टी20 वर्ल्ड कप के बीच श्रीलंकाई क्रिकेटर सिडनी में गिरफ्तार, 29 साल की महिला के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप

श्रीलंका के क्रिकेट खिलाड़ी दानुश्का गुणाथिलका सिडनी में गिरफ्तार (फोटो- ट्विटर, एएनआई)

googleNewsNext
Highlightsश्रीलंका के क्रिकेट खिलाड़ी दानुश्का गुणातिलका को सिडनी में गिरफ्तार किया गया है।31 साल के गुनातिलका को रविवार की सुबह सिडनी में टीम के होटल से गिरफ्तार किया गया।

सिडनी: श्रीलंका के क्रिकेट खिलाड़ी दानुश्का गुणातिलका को सिडनी में यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 31 साल के गुनातिलका को रविवार की सुबह सिडनी में टीम के होटल से गिरफ्तार किया गया। सामने आई जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार किया है। ऐसे आरोप हैं कि उन्होंने  इसी सप्ताह की शुरुआत में एक 29 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया था।

वेबसाइट क्रिकइंफो के अनुसार न्यू साउथ वेल्स पुलिस के एक बयान में कहा गया है, 'एक ऑनलाइन डेटिंग एप्लिकेशन के माध्यम से कई दिनों तक चैट करने के बाद महिला ने इनसे मुलाकात की थी। आरोप है कि उन्होंने (श्रीलंकाई क्रिकेटर) बुधवार 2 नवंबर 2022 की शाम को उसका यौन उत्पीड़न किया।' जांच के तौर पर पुलिस ने शनिवार को अपराध स्थल 'रोज बे' में एक पते पर पड़ताल की थी।

गुनातिलका हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप के पहले दौर के दौरान ही टीम से बाहर हो गए थे। उनकी जगह टीम में अन्य खिलाड़ी को मौका दिया गया लेकिन वे ऑस्ट्रेलिया में टीम के साथ बने रहे। गुणातिलका ने नवंबर 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से श्रीलंका के लिए आठ टेस्ट, 47 एकदिवसीय और 46 टी20 मैच खेले हैं।

वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है श्रीलंकाई टीम

श्रीलंकाई टीम को ग्रुप-1 में शनिवार को इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा था और वह अब टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। पीटीआई के अनुसार श्रीलंका टीम के एक करीबी सूत्र ने बताया , ‘धनुष्का गुणतिलका को कथित बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया है । श्रीलंकाई टीम उसके बिना आस्ट्रेलिया से रवाना हो गई है ।’

गुणातिलका ने इस वर्ल्ड कप के पहले चरण में नामिबिया के खिलाफ एक मैच खेला था और बिना खाता खोले आउट हो गए थे।

गुणातिलका की गिरफ्तारी की जानकारी न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने भी अपने वेबसाइट पर दी है। हालांकि उसने नाम जाहिर नहीं किया है और कहा है कि श्रीलंका के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है, 'यौन अपराध दस्ते के डिटेक्टिव्स ने पिछले हफ्ते सिडनी के पूर्व में एक महिला के कथित यौन उत्पीड़न मामले की जांच के बाद एक श्रीलंकाई नागरिक को आरोपित किया है।' फिलहाल पूरे मामले पर श्रीलंका क्रिकेट की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

Open in app