विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में मिली जगह, 154 गेंदों में बनाए थे 203 रन

17 साल के यशस्वी जायसवाल विजय हजारे सत्र में मुंबई की ओर से डेब्यू करते हुए झारखंड के खिलाफ 154 गेंदों में शानदार 203 रनों की पारी खेली थी।

By सुमित राय | Published: November 19, 2019 08:28 AM2019-11-19T08:28:54+5:302019-11-19T08:37:08+5:30

Yashasvi Jaiswal included in under 19 squad for 2 ODI against Afghanistan, Priyam Garg to lead India U-19 team | विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में मिली जगह, 154 गेंदों में बनाए थे 203 रन

यशस्वी जायसवाल को अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है।

googleNewsNext
Highlightsयशस्वी जायसवाल को अफगानिस्तान के खिलाफ पांच वनडे मैचों के लिए अंडर 19 टीम में जगह मिली है।पांच मैचों की श्रृंखला के मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 22, 24, 26, 28 और 30 नवंबर को खेले जाएंगे।

विजय हजारे ट्रॉफी में हाल में दोहरा शतक जड़ने वाले मुंबई के बाएं हाथ के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को अफगानिस्तान के खिलाफ पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के पहले दो मैचों में लिए भारत की मजबूत अंडर 19 टीम में जगह मिली है।

प्रियम गर्ग की अगुआई वाली भारतीय टीम अगले साल होने वाले अंडर 19 विश्व कप की तैयारी कर रही है और फिलहाल विभिन्न संयोजनों को आजमाया जा रहा है। पांच मैचों की श्रृंखला के मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 22, 24, 26, 28 और 30 नवंबर को खेले जाएंगे।

17 साल के यशस्वी जायसवाल विजय हजारे सत्र में मुंबई की ओर से डेब्यू करते हुए झारखंड के खिलाफ 154 गेंदों में शानदार 203 रनों की पारी खेली थी। यशस्वी की इस पारी में 12 छक्के और 17 चौके शामिल थे। इसी के साथ यशस्वी ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था।

यशस्वी जायसवाल के लिए यहां तक पहुंचने का सफर काफी मुश्किलों से भरा रहा है। उत्तर प्रदेश स्थित भदोही के रहने वाले यशस्वी महज 11 साल की उम्र में क्रिकेटर बनने का सपना लिए चाचा के पास मुंबई आ गए थे। यहां चाचा के पास इतना बड़ा घर नहीं था कि उसमें यशस्वी को भी रखा जा सके, जिसके चलते इस युवा को डेयरी दुकान पर सोना पड़ता था।

जब बात पेट पालने की आई, तो यशस्वी को अपना खर्चा चलाने के लिए एक फूड वेंडर के यहां काम करना पड़ा। साथ ही वह दिन में क्रिकेट प्रैक्टिस करने के बाद रात में गोलगप्पे भी बेचा करते थे। बुरे वक्त में भी यशस्वी ने अपने करियर पर फोकस रखा और भारतीय टीम में जगह बना ली।

पहले दो मैचों के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: प्रियम गर्ग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, अर्जुन आजाद, शाशवत रावत, कुमार कुशाग्र , दिव्यांश जोशी, मानव सुतार, रवि बिश्नोई, कार्तिक त्यागी, आकाश सिंह, अथर्व अंकोलेकर, विद्याधर पाटिल, सीटीएल रक्षण और क्रुथिक कृष्णा।
(भाषा से इनपुट के साथ)

Open in app