New Zealand vs Bangladesh: आरसीबी के फिन एलेन का धमाका, 18 बॉल में फिफ्टी, 29 गेंद और 71 रन, मार्टिन गुप्टिल से आगे

New Zealand vs Bangladesh: वनडे के बाद न्यूजीलैंड ने टी-20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। ग्लेन फिलिप को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

By सतीश कुमार सिंह | Published: April 01, 2021 4:25 PM

Open in App
ठळक मुद्देन्यूजीलैंड टीम ने 3-0 से सीरीज पर कब्जा कर लिया।फिन एलेन ने कीवी टीम के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया। तस्कीन अहमद के शिकार होने से पहले सिर्फ 29 गेंदों पर 71 रन बनाए।

New Zealand vs Bangladesh: न्यूजीलैंड ने टी20 सीरीज में भी बांग्लादेश का सूपड़ा साफ कर दिया। फिन एलेन ने धमाका कर दिया। न्यूजीलैंड टीम ने 3-0 से सीरीज पर कब्जा कर लिया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलेन ने कीवी टीम के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने ऑकलैंड के ईडन पार्क में तीसरे टी-20 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए 18 गेंदें लीं। उन्होंने तस्कीन अहमद के शिकार होने से पहले सिर्फ 29 गेंदों पर 71 रन बनाए। उनकी पारी में 3 छक्के और 10 चौके शामिल थे।

पिछले सर्वश्रेष्ठ कोलिन मुनरो थे जिन्होंने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक जमाया था। बाद में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ 2018 में दो 18 गेंदों का अर्द्धशतक भी दर्ज किया था।मैन ऑफ द मैच फिन एलेन ने मात्र 29 गेंद में 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 71 रन ठोक डाले। 

एलेन ने मार्टिन गुप्टिल के रिकॉर्ड को तोड़ा

एलेन ने मार्टिन गुप्टिल के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने अपने टी 20 करियर में दो बार (2016 में श्रीलंका और 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ) 19 गेंद का अर्द्धशतक बनाया था। सबसे तेज T20 पचास का रिकॉर्ड भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह के पास है, जिन्होंने उद्घाटन T20 विश्व कप (2007) में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।

फिन एलन को आरसीबी ने ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर जोश फिलिप्स के रिप्लेसमेंट के रूप में लिया था, जो आईपीएल 2021 से बाहर थे। इस साल आईपीएल 2021 का पहला सीजन होगा जब वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलेंगे।

सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया

एलेन के तूफानी अर्धशतक और मार्टिन गुप्टिल के साथ उनकी पहले विकेट के लिये 85 रन की साझेदारी की मदद से न्यूजीलैंड ने गुरुवार को यहां बारिश से प्रभावित तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बांग्लादेश को 65 रन से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया।

बारिश के कारण यह मैच 10-10 ओवरों का कर दिया जिसमें पावरप्ले तीन ओवर का था और एक गेंदबाज को दो – दो ओवर करने थे। न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद 10 ओवर में चार विकेट पर 141 रन ठोक दिये। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 9.3 ओवर में 76 रन पर सिमट गयी। न्यूजीलैंड ने पहला मैच 66 रन से और दूसरा मैच 28 रन से जीता था।

फिन एलेन ने 29 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 71 रन बनाये

फिन एलेन ने 29 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 71 रन बनाये। उन्होंने गुप्टिल (19 गेंदों पर 44, एक चौका, पांच छक्के) के साथ केवल 5.4 ओवर में 85 रन जोड़ दिये थे। एलेन ने मात्र 18 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहला पचासा है। ग्लेन फिलिप ने दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाये जबकि डेरेल मिचेल ने 11 रन का योगदान दिया।

बांग्लादेश ने इसके जवाब में टिम साउदी (15 रन देकर तीन) के पहले ओवर में सौम्य सरकार (10) और कप्तान लिट्टन दास (शून्य) के विकेट गंवा दिये। इसके बाद लेग स्पिनर टॉड एस्टल (13 रन देकर चार विकेट) पर लंबे शॉट लगाने के प्रयास में बांग्लादेश के बल्लेबाज पवेलियन लौटे।

बांग्लादेश के तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। इनमें सरकार के अलावा सलामी बल्लेबाज मोहम्मद नईम (19) और मोसादेक हुसैन (13) शामिल हैं। इससे पहले मैच स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होना था लेकिन बारिश के कारण आखिर में रात नौ बजे टॉस संभव हो पाया। न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज में भी 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। 

टॅग्स :न्यूजीलैंड क्रिकेट टीमबांग्लादेश क्रिकेट टीमरॉयल चैलेंजर्स बैंगलोरआईपीएल 2021इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या