CoA ने किया था जिसे नजरअंदाज, आज उसी के साथ ट्रेनिंग कर रहे जसप्रीत बुमराह

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: December 03, 2019 5:30 PM

Open in App

चोट से उबर चुके भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के ट्रेनर रजनीकांत शिवज्ञानम के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है। बुमराह को सितंबर में कमर में स्ट्रेस फ्रेक्चर हुआ था। वह दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखलायें नहीं खेल सके। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी श्रृंखला भी नहीं खेल सकेंगे। एक सूत्र ने बताया ,‘‘ वह एमसीए पर अभ्यास कर रहे हैं। यह निजी बंदोबस्त है।’’

दिलचस्प बात यह है कि रजनीकांत वही शख्स हैं जिन्हें अगस्त में भारतीय टीम के स्ट्रैंग्थ एंड कंडीशनिंग कोच पद के लिए नहीं चुना गया था और काम निक वेब को दिया गया था। यह सब प्रशासकों की समिति (सीओए) के मार्गदर्शन में हुआ था।

जिस पैनल ने ट्रेनर संबंधी भर्ती के लिए प्रैक्टिकल एग्जाम लिया था उसमें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के अलावा कोलकाता की इंडोरफिंस जिम के मालिक रणदीप मोइत्रा भी थे। इस पैनल ने ल्यूक वुडहाउस तथा वेब को रजनीकांत पर तरजीह दी थी।

बुमराह अगले साल न्यूजीलैंड दौरे पर वापसी करेंगे जिसमें भारत पांच टी20, तीन वनडे और दो टेस्ट खेलेगा। दिल्ली आईपीएल टीम के कर्मचारी होने के बावजूद रजनीकांत खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत तौर पर भी काम करते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के एक सूत्र ने कहा, ‘‘जब आईपीएल नहीं चल रहा है तब रजनीकांत किसी के भी साथ काम करने के लिये स्वतंत्र हैं।’’

टॅग्स :जसप्रीत बुमराहभारतीय क्रिकेट टीमटीम इंडियाबीसीसीआई

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या