ICC Under 19 World Cup 2024: नेपाल को दौड़ा-दौड़ा कर कूटा, 132 रन से दी मात, सेमीफाइनल का टिकट कटाया, मेहमान दक्षिण अफ्रीका से 6 फरवरी को टक्कर

ICC Under 19 World Cup 2024: भारत के चार मैचों में आठ अंक है और टीम का अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान में रहना तय है।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 03, 2024 1:04 PM

Open in App
ठळक मुद्देसेमीफाइनल में मंगलवार को भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका की चुनौती होने की संभावना है।टीम 14वें ओवर में 62 रन पर तीन विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी।मौजूदा विश्व कप में भारत के लिए शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की संख्या पांच हो गयी हैं।

ICC Under 19 World Cup 2024: सचिन धास (116) और कप्तान उदय सहारन (100) की शतकीय पारियों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 215 रन की साझेदारी के दम पर भारत ने आईसीसी अंडर 19 वनडे विश्व कप के ग्रुप एक के अपने आखिरी सुपर सिक्स मैच में शुक्रवार को यहां नेपाल को 132 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। भारत के लिए स्पिनर सौम्य पांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिये। मौजूदा विश्व कप में वह 16 विकेट के साथ दूसरे सफल गेंदबाज है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद पांच विकेट पर 297 रन बनाये और फिर नेपाल को नौ विकेट पर 165 रन पर रोक दिया। भारत के चार मैचों में आठ अंक है और टीम का अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान में रहना तय है।

सेमीफाइनल में मंगलवार को भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका की चुनौती होने की संभावना है। नेपाल के लिए 10वें और 11वें नंबर के बल्लेबाज आकाश चंद (नाबाद 18) और दुर्गेश गुप्ता (नाबाद 29) ने इसके बाद 69 गेंद में 45 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को ऑल आउट से बचा लिया। नेपाल के कप्तान देव खानाल ने सबसे ज्यादा 33 जबकि सलामी बल्लेबाजों दीपक बोहरा ने 22 और अर्जुन कुमाल ने 26 रन का योगदान दिया। इससे पहले धास और सहारन ने उस समय भारतीय पारी को संभाला जब टीम 14वें ओवर में 62 रन पर तीन विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी।

धास ने 101 गेंद की अपनी आक्रामक पारी में 11 चौके और तीन छक्के जड़े जबकि सहारन ने धैर्य से बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंद की पारी में नौ चौके की मदद से 100 रन बनाये। दोनों के बीच 202 गेंद में 215 रन की यह साझेदारी टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है। धास और सहारन के शतकों के बाद मौजूदा विश्व कप में भारत के लिए शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की संख्या पांच हो गयी हैं।

भारत ने अब तक खेले पांच मैचों में चार में 290 से ज्यादा का स्कोर किया है जिसमें से टीम दो बार 300 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को आदर्श सिंह ने 18 गेंद में 21 रन की पारी के साथ आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन वह गुलशन झा की शॉट गेंद पर विकेटकीपर उत्तम मागर को कैच थमा बैठे।

टीम को 14वें ओवर में तीन गेंद के अंदर दो झटके लगे। अर्शीन कुलकर्णी (18) आकाश चंद का शिकार बने जबकि प्रियांशु मोलिया (19) रन आउट हुए। सहारन ने इसके बाद एक छोर से संभल कर बल्लेबाजी की जबकि बल्लेबाजी क्रम में पदोन्नत किये गये धास ने अपना आक्रामक तेवर जारी रखा। धास इससे पहले छठे या सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते थे।

उन्होंने 50 गेंद में टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद ऑफ स्पिनर देव खनल के खिलाफ वाइड लांग ऑन पर छक्का लगाकर बड़े शॉट खेलने की अपनी प्रतिभा को दिखाया। वह सुभाष भंडारी की गेंद पर चौका लगाकर 99 के स्कोर तक पहुंचे और फिर अगली गेंद पर एक रन लेकर 93 गेंद में अपना शतक पूरा किया।

सहारन ने आखिरी ओवर में गुलशन की गेंद पर एक रन चुरा कर शतक पूरा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने बेहद ही सतर्क शुरुआत की। दीपक बोहरा और अर्जुन कुमाल ने पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की लेकिन दोनों की इसके लिए 80 गेंद खेल डाले। सौम्य पांडे ने इस साझेदारी को तोड़ा जिसके बाद टीम की पारी बिखर गयी।

नेपाल का स्कोर एक विकेट पर 65 रन से सात विकेट पर 77 रन हो गया। कप्तान देव खानाल ने एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर से विकेटों का पतन जारी रहा। खानाला 39वें ओवर में सौम्य का चौथा शिकार बने। इस समय टीम का स्कोर 120 रन था। इसके बाद आकाश और दुर्गेश ने अगले 11.3 ओवरों तक भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया। भारतीय कप्तान सहारन ने इस साझेदारी को तोड़ने के लिए आठ गेंदबाजों का सहारा लिया लेकिन वे सफल नहीं हुए।

टॅग्स :आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कपनेपालटीम इंडिया

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या