Highlightsसैम करन को पंजाब किंग्स ने उन्हें 18.50 करोड़ में खरीदा, इनकी बेस प्राइस 2 करोड़ थी।ऑस्ट्रेलिया के कैमरुन ग्रीन पर भी जमकर पैसा बरसा, मुंबई इंडियंस ने 17.5 करोड़ में खरीदा।आईपीएल 2023 में बेन स्टोक्स चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे, 16.25 करोड़ में बिके।
कोच्चि: इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। सैम करन के लिए फ्रेंचाइजी आपस में होड़ मचाते नजर आए। आखिरकार पंजाब किंग्स ने उन्हें 18.50 करोड़ की बड़ी रिकॉर्ड बोली में खरीद लिया। करन की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये थी। ऐसे में उन पर जमकर पैसा बरसा है। इससे पहले इंग्लैंड के ही हरफनमौला खिलाड़ी हैरी ब्रूक पर भी बड़ी बोली लगी। उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा।
कैमरुन ग्रीन पर बरसा पैसा
ऑस्ट्रेलिया के कैमरुन ग्रीन पर भी जमकर पैसा बरसा। मुंबई इंडियंस ने ग्रीन 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा। ऐसे में वह सैम करन के बाद आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी हो गए हैं। मुंबई इंडियंस को ऐसे भी कीरोन पोलार्ड के संन्यास के बाद ऐसे खिलाड़ी कि जरूरत थी, जो गेंद और बल्ले से बड़े कमाल कर सके।
इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का भी आईपीएल में जलवा बरकरार है। आईपीएल 2023 के लिए वे चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। लखनऊ और सनराइजर्स हैदराबाद में स्टोक्स को लेकर जमकर टक्कर देखने को मिली। आखिर में चेन्नई ने 16.25 करोड़ में उन्हें खरीद लिया।
इसके अलावा वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर इस बार राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे। उन्हें 5.75 करोड़ में फ्रेंचाइजी ने खरीदा। होल्डर की बेस प्राइस 2 करोड़ थी। वहीं, जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा को पंजाब किंग्स की टीम ने 50 लाख के बेस प्राइस पर खरीदा।
भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो मयंक अग्रवाल को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 8.25 करोड़ में खरीदा। अजिंक्य रहाणे को चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने उनके बेस प्राइस 50 लाख में खरीद लिया। रहाणे इससे पहले पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे।