IPL Auction 2022: आईपीएल के मेगा ऑक्शन में आज खिलाड़ियों पर बरसेगा पैसा ही पैसा, जानिए नीलामी से जुड़ी 10 बड़ी बातें

IPL Auction 2022: आईपीएल-2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आज से दो दिन तक चलेगी। इस नीलामी में 590 क्रिकेटरों पर बोली लगाई जाएगी।

By विनीत कुमार | Published: February 12, 2022 06:54 AM2022-02-12T06:54:09+5:302022-02-12T06:54:09+5:30

IPL Auction 2022 mega auction today, know all details in 10 points | IPL Auction 2022: आईपीएल के मेगा ऑक्शन में आज खिलाड़ियों पर बरसेगा पैसा ही पैसा, जानिए नीलामी से जुड़ी 10 बड़ी बातें

आईपीएल का आज मेगा ऑक्शन (फाइल फोटो)

googleNewsNext
Highlightsआईपीएल के 15वें सीजन के लिए मेगा नीलामी की शुरुआत आज होगी, बेंगलुरु में खिलाड़ियों पर लगेगी बोली।इस बार 590 क्रिकेट खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी, इसमें 370 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं।2 करोड़ की बेस प्राइस में रखा 17 भारतीय खिलाड़ी हैं, पंजाब किंग्स के पास सबसे अधिक 72 करोड़ रुपये।

IPL Auction 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए मेगा नीलामी की शुरुआत आज होगी। इसके तहत 10 फ्रेंचाइजी टीमें दो दिनों तक नीलामी में 590 क्रिकेटरों पर बोली लगाएंगी। गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाइंट्स के इस सीजन से जुड़ने के बाद टीमों की संख्या 10 हो गई है। नीलामी में जिन 590 क्रिकेटरों की बोली लगेगी, उसमें 220 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। माना जा रहा है कि इस साल दस से ज्यादा क्रिकेटरों पर दस करोड़ से अधिक की बोली लग सकती है और कुछ तो 20 करोड़ के आसपास भी जा सकते हैं। जानिए इस मेगा नीलामी से जुड़ी 10 बड़ी बातें-

IPL Auction 2022: आईपीएल नीलामी से जुड़ी बड़ी बातें 10 प्वाइंट में

1. इस नीलामी में चेन्नई सुपरकिंग्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदरबाद सहित नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपरजायंट खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगे।

2. इस बार जिन 590 खिलाड़ियों पर बोली लग रही है, इसमें 370 भारतीय और 220 विदेशी हैं। 590 क्रिकेटरों में से कुल 228 कैप्ड (अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके) खिलाड़ी हैं, जबकि 355 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं किया है। इसमें सात सहयोगी (एसोसिएट) देशों के हैं।

3. आईपीएल की सबसे अधिकतम बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है। इस वर्ग में 17 भारतीय खिलाड़ी हैं। इनमें आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर, शिखर धवन, श्रेयष अय्यर, दिनेश कार्तिक, इशान किशन, भुवनेश्वर कुमार, देवदत्त पड्डिकल, क्रुणाल पंड्या, हर्षल पटेल, सुरेश रैना, अंबाती रायूडु, मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर, रोबिन उथप्पा, उमेश यादव के नाम शामिल हैं।

4. विदेशी खिलाड़ी 31 हैं, जिन्होंने खुद को 2 करोड़ की बेस प्राइस में रखा है। विदेशी खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, कमिंस, रबाडा, ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला मिशेल मार्श और स्टीव स्मिथ, बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन और दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस जैसे खिलाड़ी 2 करोड़ की बेस प्राइस में हैं।

5. आईपीएल नीलामी में दो करोड़ के अलावा 1.5 करोड़, 1 करोड़ जैसे बेस प्राइस भी हैं। डेढ़ करोड़ की बेस प्राइस में 20 खिलाड़ी हैं। वहीं करोड़ की बेस प्राइस में 34 खिलाड़ी हैं। इसके अलावा अन्य बेस प्राइस 50 लाख, 30 लाख और 20 भी हैं। 

6. पंजाब किंग्स की टीम इस नीलामी में सबसे ज्यादा 72 करोड़ रुपये के साथ उतरेगी जबकि दिल्ली कैपिटल्स के पास इसके लिए सबसे कम 47.5 करोड़ रुपये है। इसके अलावा चेन्नई सुपरकिंग्स, केकेआर और मुंबई इंडियंस के पास 48-48 करोड़ रुपये हैं। राजस्थान रॉयल्स के पास 62 करोड़ और आरसीबी के पास 57 करोड़ है। सनराइजर्स हैदराबाद के पास 68 करोड़, लखनऊ सुपर जायंट्स के पास 59 करोड़ और अहमदाबाद फ्रेचाइज के पास 52 करोड़ राशि शेष है।

7. सभी टीमों ने कुछ खिलाड़ियों को पहले ही रिटेन किया है। इसमें अहम नामों की बात करें तो चेन्नई सुपरकिंग्स ने रविंद्र जडेजा (16 करोड़ रुपये), एमएस धोनी (12 करोड़), मोईन अली (8 करोड़) और रितुराज गायकवाड़ (6 करोड़) को रिटेन किया है। इसके अलावा दिल्ली ने रिषभ पंत (16 करोड़), अक्षर पटेल (12 करोड़), पृथ्वी शॉ (8 करोड़), एनरिक नॉर्टजे (6 करोड़) को रिटेन किया है। लखनऊ की टीम ने केएल राहुल, मार्कस स्टेइनिस (ऑस्ट्रेलिया), रवि विश्नोई को पहले ही अपने पाले में कर लिया है। इसके अलावा अहमदाबाद ने भी हार्दिक पंड्या, राशिद खान (अफगानिस्तान) और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को अपने पाले में रख लिया है।

8. इसके अलावा केकेआर ने भी चार खिलाड़ियों को रिटेन किया है। मुंबई इंडियंस ने भी कप्तान रोहित शर्मा सहित चार खिलाड़ियों को रिटेन किया है। ऐसे ही पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद ने भी कुछ खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

9. एक फ्रेंचाइज अधिकतम 25 खिलाड़ी अपने पास रख सकती है। ऐसे में रिटेंशन के बाद पंजाब किंग्स के पास सबसे अधिक 23 स्लॉट (खिलाड़ियों के लिए जगह) उपलब्ध हैं जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस को कम से कम 21 खिलाड़ियों को टीम में जोड़ना होगा। बाकी टीमों के पास 22-22 स्थान हैं।

10. आईपीएल में इस बार सबसे अधिक विदेशी खिलाड़ियों वाली सूची में 47 क्रिकेटरों के साथ ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है जबकि वेस्टइंडीज के 34 क्रिकेटर अपना दावा पेश करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के 33, श्रीलंका के 23, इंग्लैंड के 24, न्यूजीलैंड के 24 और अफगानिस्तान के 17 खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं।

Open in app